Campus Boom.
छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के चौथे दिन विद्यार्थियों के लिए अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन टाटा पावर के फायर सेफ्टी विभाग की टीम ने किया। मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों तथा अग्निशामक यंत्र के सुरक्षित उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर फायर ऑफिसर इब्राहिम, फायर लीडर आर.एन. पांडेय, फायर लीडर नितीश कुमार, फायरमैन शेल टोप्पो एवं सीएसआर प्रतिनिधि रंजीत साहनी उपस्थित रहे।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग का प्रदर्शन करते हुए PASS तकनीक (Pull, Aim, Squeeze, Sweep) की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग लगने की आपात स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखते हुए किस प्रकार अग्निशामक यंत्र का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा सकता है।
मॉक ड्रिल में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, सतर्कता तथा सुरक्षा उपायों का व्यावहारिक अभ्यास किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें विद्यालय एवं सार्वजनिक स्थानों पर अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।
विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने कहा कि “सुरक्षा केवल एक नियम नहीं, बल्कि जीवन जीने की आदत है। ऐसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सजगता और आपदा के समय सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं। हमारा उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।” उन्होंने इस उपयोगी प्रशिक्षण के लिए टाटा पावर की फायर सेफ्टी टीम का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अग्नि सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं और विद्यालय परिसर सहित अपने आसपास के वातावरण को सुरक्षित बनाए रखने का संकल्प लिया।


