Campus Boom.
प्रगतिशील लेखक संघ (प्रलेस), झारखंड का दो दिवसीय पाँचवाँ राज्य सम्मेलन 25 एवं 26 जुलाई को रामगढ़ जिले के रजरप्पा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव सुखदेव सिंह सिरसा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन के विस्तार, साहित्यिक-सांस्कृतिक गतिविधियों तथा जनपक्षधर हस्तक्षेपों को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया और नई राज्य कार्यकारिणी का गठन किया गया।
सम्मेलन में प्रगतिशील लेखक संघ की जमशेदपुर इकाई की सक्रिय और उल्लेखनीय भागीदारी रही। इकाई की ओर से प्रो. अहमद बद्र, नियाज़ अख्तर, शशि कुमार, प्रशांत, अर्पिता, संजय सोलोमन, पार्थो बनर्जी, अंकिता, विकास और बारी टुडू सहित दस प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। वरिष्ठ और युवा साहित्यकारों की संयुक्त भागीदारी ने सम्मेलन में जमशेदपुर इकाई की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
नई राज्य कार्यकारिणी में जमशेदपुर इकाई के कई सदस्यों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए। डॉ. मोहम्मद ज़करिया, वरिष्ठ कथाकार जयनंदन और कॉमरेड शशि कुमार को संगठन के संरक्षक मंडल में चुना गया। उनके साथ प्रो. रामानंद को भी संरक्षक मंडल में शामिल किया गया।
अध्यक्ष मंडल में प्रो. अहमद बद्र पूर्ववत बने रहेंगे। उनके साथ महादेव टोप्पो, बी.एन. ओहदार एवं निशी प्रभा को शामिल किया गया है, जबकि रणेन्द्र को कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया। विनय कुमार, डॉ. के.के. लाल और सुधीर साहू को उपाध्यक्ष मंडल में स्थान मिला है। मिथिलेश महासचिव तथा शेखर मलिक उपमहासचिव के पद पर बने रहेंगे।
सचिव मंडल में जमशेदपुर इकाई के कृपाशंकर, नियाज़ अख्तर और संजय सोलोमन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं राज्य कार्यकारिणी में राकेश मिश्रा, अख्तर आज़ाद, प्रशांत, अर्पिता और पार्थो बनर्जी को सदस्य बनाया गया है।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठन साहित्य, संस्कृति और जनपक्षधर मूल्यों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएगा। जमशेदपुर इकाई को मिली व्यापक जिम्मेदारियां इस बात का प्रमाण हैं कि राज्य स्तर पर संगठनात्मक और साहित्यिक गतिविधियों में उसकी भूमिका लगातार सशक्त हुई है।
सम्मेलन के अंत में नई कार्यकारिणी ने झारखंड में साहित्यिक-सांस्कृतिक आंदोलनों को गति देने, लोकतांत्रिक एवं प्रगतिशील मूल्यों को मजबूत करने तथा संगठन के विस्तार के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।


