– द्वितीय विश्व युद्ध की सबसे भयावह घटनाओं में से एक की याद में हर साल मनाया जाता है हिरोशिमा दिवस; जानें इसकी शुरुआत कैसे हुई, दुनिया भर में यह दिन कैसे मनाया जाता है और यह दिन क्या संदेश देता है?
Hiroshima Day/Anti-Nuclear Day 2026: मानव इतिहास में कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं, जिनकी पीड़ा पीढ़ियों तक महसूस की जाती है। हिरोशिमा दिवस ऐसी ही एक ऐतिहासिक विनाशकारी घटना है। हर वर्ष 6 अगस्त को दुनिया भर में हिरोशिमा दिवस या एंटी-न्यूक्लियर डे या परमाणु विरोधी दिवस मनाया जाता है। 6 अगस्त 1945 को द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापान के शहर हिरोशिमा पर दुनिया का पहला परमाणु बम गिराया गया था।
यह दिन लोग जापान के हिरोशिमा शहर पर हुए परमाणु हमले को याद करते हैं। इस दिन पूरी दुनिया को परमाणु हथियारों के विनाशकारी परिणामों से आगाह करने और शांति का संदेश देने के लिए भी मनाया जाता है। इस साल भी यह दिवस विश्वभर में शांति, अहिंसा और परमाणु निरस्त्रीकरण के संदेश के साथ मनाया जाएगा।
आइए जानते हैं हर साल हिरोशिमा दिवस कब और क्यों मनाया जाता है। साथ ही हम यह भी जानेंगे कि हिरोशिमा दिवस का इतिहास क्या है?
Hiroshima Day 2026 हिरोशिमा दिवस कब मनाया जाता है?
हर साल 6 अगस्त को हिरोशिमा दिवस मनाया जाता है। यह वही दिन है जब वर्ष 1945 में जापान के हिरोशिमा शहर पर परमाणु बम गिराया गया था। इसके तीन दिन बाद यानी 9 अगस्त 1945 को नागासाकी पर दूसरा परमाणु बम गिराया गया। इन दोनों घटनाओं के बाद द्वितीय विश्व युद्ध समाप्ति की ओर बढ़ा, लेकिन इन हमलों की पीड़ा आज भी मानव इतिहास में दर्ज है।
Doctors Day 2026: डॉक्टर्स डे कब है? जानें क्यों मनाया जाता है, क्या है इतिहास, थीम
Anti-Nuclear Day 2026 हिरोशिमा पर कब और कैसे हुआ परमाणु हमला?
सन् 1945 में 6 अगस्त की सुबह अमेरिकी वायुसेना के बी-29 बमवर्षक विमान एनोला गे ने हिरोशिमा पर लिटिल बॉय नामक यूरेनियम आधारित परमाणु बम गिराया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कुछ ही क्षणों में पूरा शहर आग और धुएं की चपेट में आ गया।
अनुमान है कि वर्ष 1945 के अंत तक हिरोशिमा में लगभग 1.40 लाख लोगों की मृत्यु हो चुकी थी। इनमें से कई लोगों की मौत विकिरण के प्रभाव, गंभीर जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण हुई।
Hiroshima Day कब हुई हिरोशिमा दिवस मनाने की शुरुआत?
इस भयावह परमाणु हमले के बाद हिरोशिमा शहर को दोबारा बसाया गया और वहां हिरोशिमा पीस मेमोरियल पार्क का निर्माण किया गया। समय के साथ 6 अगस्त को शांति और परमाणु निरस्त्रीकरण के संदेश के रूप में मनाया जाने लगा।
आज यह दिवस केवल जापान में ही नहीं, बल्कि संयुक्त राष्ट्र, विभिन्न देशों, शांति संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों द्वारा भी मनाया जाता है। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को युद्ध के दुष्परिणामों और शांति के महत्व के बारे में जागरूक करना है।
Anti-Nuclear Day 2026 हिरोशिमा दिवस क्यों मनाया जाता है?
हिरोशिमा दिवस मनाने के कई महत्वपूर्ण उद्देश्य हैं। इनमें परमाणु हथियारों के विनाशकारी प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना, युद्ध के बजाय शांति और संवाद को बढ़ावा देना, परमाणु हथियारों के उन्मूलन की आवश्यकता पर वैश्विक चर्चा को मजबूत करना, परमाणु हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देना, आने वाली पीढ़ियों को युद्ध की भयावहता से परिचित कराना आदि मुख्य हैं।
Hiroshima Day 2026 दुनिया भर में कैसे मनाया जाता है हिरोशिमा दिवस?
दुनिया भर में हिरोशिमा दिवस एक ऐसे दिवस के रूप में मनाया जाता है जहां लोग 1945 में हुए उस विनाशकारी दृश्य को याद करते हैं और उसमें जान गवां चुके लोगों को श्रद्धांजलि देते हैं। हिरोशिमा दिवस पर जापान सहित दुनिया के कई देशों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस दिन हिरोशिमा पीस मेमोरियल पार्क में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित होता है। वहीं सुबह 8:15 बजे, यानी बम गिराए जाने के समय दो मिनट का मौन रखा जाता है। इस दिन मुख्य तौर पर पीड़ितों की स्मृति में मोमबत्तियां और कागज की लालटेन जलाकर उनकी शांति की प्रार्थना की जाती है।
हिरोशिमा दिवस के दिन शांति रैलियां, संगोष्ठियां और प्रदर्शनी भी आयोजित की जाती हैं। इस दौरान स्कूलों और विश्वविद्यालयों में व्याख्यान, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती है। वहीं दुनिया भर के शांति संगठन परमाणु हथियारों के खिलाफ जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं।
Hiroshima Day हिरोशिमा दिवस के महत्व के बारे अवश्य समझें ये बातें
हिरोशिमा दिवस केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं है, जिसे हम और आप याद कर सकते हैं। यह पूरी मानवता के लिए एक चेतावनी भरा दिन है। सन् 1945 में हुए इस तबाही भरे दिन की यादें हृदयविदारक हैं। आज, इस दिन को याद कर हमें ये एहसास होता है कि युद्ध और परमाणु हथियार किसी समस्या का समाधान नहीं हैं।
आज भी कई देशों के पास परमाणु हथियार मौजूद हैं। लेकिन हिरोशिमा दिवस पर इन विनाशकारी परमाणु हथियारों को ना इस्तेमाल करने और मानवता को जिंदा रखने का संदेश दिया जाता है। हिरोशिमा दिवस, वैश्विक स्तर पर शांति, निरस्त्रीकरण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता का संदेश देता है। यह दिन विश्व के शक्तिशाली नेताओं को भी याद दिलाता है कि परमाणु हथियारों का उपयोग मानव सभ्यता के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
भारत में हिरोशिमा दिवस का क्या महत्व है?
भारत हमेशा से विश्व शांति और परमाणु निरस्त्रीकरण का समर्थक रहा है। भारत ने हमेशा ही ‘पहले प्रयोग न करने’ (No First Use) जैसी नीति का पालन करने की बात की है और वैश्विक स्तर पर जिम्मेदार परमाणु नीति की वकालत करता है। हिरोशिमा दिवस के अवसर पर भारत में भी कई शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
ये भी पढ़ें –


