Campus Boom.
नेशनल सर्विस स्कीम (एनएसएस), नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी जमशेदपुर द्वारा “सामाजिक दायित्व एवं व्यक्तित्व विकास” विषय पर एक प्रेरक विशेषज्ञ संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रंजीत प्रसाद ने युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, सामाजिक दायित्व, भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ाव, आत्मनिर्भरता और नवाचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान से जोड़ना आवश्यक है।
डॉ. प्रसाद ने विद्यार्थियों को गांव, किसानों, कारीगरों और लघु एवं मध्यम उद्योगों से जुड़कर उनकी चुनौतियों को समझने तथा तकनीकी ज्ञान के माध्यम से समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “जड़ों से जुड़े रहकर ही आसमान की ऊँचाइयों को छुआ जा सकता है।”
इस अवसर पर एनएसएस के प्रोग्राम कॉऑर्डिनेटर जयंद्र कुमार तथा गो ग्रीन क्लब के प्रभारी नवीन कुमार वेल्डिंर्थी भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल समन्वयन विद्यार्थी संयोजक निर्मल निरंजन पाटिल द्वारा किया गया। यह संवाद विद्यार्थियों में आत्मचिंतन, सामाजिक जिम्मेदारी, नवाचार और समग्र व्यक्तित्व विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


