Campus Boom.
छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय के छात्रों ने हिंदी ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित इंटरनेशनल हिंदी ओलिंपियाड 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में छात्रों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लेते हुए अपनी भाषाई प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय के छात्रों ने कुल 67 पदक जीतकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इनमें 40 स्वर्ण पदक, 14 रजत पदक और 13 कांस्य पदक शामिल हैं।
इस उपलब्धि में एक और गौरवपूर्ण क्षण तब जुड़ा, जब कक्षा 3 की छात्रा अंजलि कुमारी ने क्षेत्रीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। विद्यालय के प्राचार्य ने सभी विजेता छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा छात्रों को इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करता रहेगा, जिससे उनके ज्ञान, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का समग्र विकास हो सके।
प्राचार्य ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा हिंदी विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाओं को बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए धन्यवाद दिया।


