Campus Boom.
जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में नर्सरी से कक्षा द्वितीय तक के विद्यार्थियों के लिए ‘फन विद रेन (ब्लू डे)’ का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर नीले रंग की छटा से सराबोर नजर आया। सभी नन्हे विद्यार्थी आकर्षक नीले परिधानों में विद्यालय पहुंचे और अपने साथ नीले रंग की विभिन्न वस्तुएं भी लेकर आए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए कई रोचक एवं शिक्षाप्रद गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कक्षा प्रथम एवं द्वितीय के विद्यार्थियों ने वर्षा विषय पर मनमोहक रोल-प्ले प्रस्तुत कर अपनी अभिनय प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुति ने शिक्षकों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने खेल-खेल में सीखने की अवधारणा के तहत रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में सीखने के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उनकी अभिव्यक्ति क्षमता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना था।
विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा, “खेल-आधारित शिक्षण बच्चों में सीखने के प्रति स्वाभाविक रुचि पैदा करता है। इससे उनकी रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास होता है तथा वे आनंद के साथ नई बातें सीखते हैं।”
उल्लास, रचनात्मकता और सीख से भरपूर इस आयोजन ने बच्चों को यादगार अनुभव प्रदान किया।


