Campus Boom.
जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026–28 के लिए एम.ए. इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन पाठ्यक्रम में नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। विश्वविद्यालय ने मीडिया एवं संचार के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों से समय पर आवेदन करने की अपील की है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, किसी भी विषय से स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थी इस स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए पात्र हैं। दो वर्षीय यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को आधुनिक पत्रकारिता, डिजिटल मीडिया और जनसंचार के क्षेत्र में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान करेगा।
पाठ्यक्रम में रिपोर्टिंग, संपादन, टेलीविजन प्रोडक्शन, डिजिटल मीडिया, न्यू मीडिया, मीडिया रिसर्च, जनसंपर्क, मीडिया एथिक्स तथा कम्युनिकेशन थ्योरी जैसे विषयों का विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों को आधुनिक मीडिया लैब, अत्याधुनिक स्टूडियो, डिजिटल लर्निंग, स्किल-बेस्ड ट्रेनिंग, इंडस्ट्री एक्सपोज़र, इंटर्नशिप और फील्ड वर्क के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा।
विश्वविद्यालय के अनुसार, इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थी पत्रकार, रिपोर्टर, न्यूज़ एंकर, कंटेंट क्रिएटर, डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर, यूट्यूबर, पॉडकास्टर, कंटेंट राइटर, संपादक, जनसंपर्क अधिकारी, सोशल मीडिया मैनेजर, डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन प्रोफेशनल, मीडिया रिसर्चर तथा शिक्षण एवं अकादमिक क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय का मानना है कि डिजिटल युग में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। पारंपरिक पत्रकारिता के साथ-साथ डिजिटल जर्नलिज्म, सोशल मीडिया, यूट्यूब, पॉडकास्ट और कंटेंट क्रिएशन जैसे क्षेत्रों में भी करियर की अपार संभावनाएँ हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रम को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है।
“Shape Stories, Inform Society, Create Change” की थीम पर आधारित यह कार्यक्रम ऐसे सक्षम और जिम्मेदार मीडिया पेशेवर तैयार करने का लक्ष्य रखता है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और उत्तरदायी पत्रकारिता को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।


