Campus Boom.
जमशेदपुर, 20 जून। कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में कार्यरत ई-डिजिटल इंडिया स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट के प्रयासों से 56 युवाओं को रोजगार और आधुनिक कौशल प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त हुए हैं। इनमें टाटा मोटर्स लिमिटेड, कॉल सेंटर, चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्म और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं।
संस्थान की ओर से आयोजित करियर मार्गदर्शन एवं रोजगार जागरूकता सत्र के बाद पीएम श्री उत्क्रमित प्लस-टू हाई स्कूल, सिमुलडांगा के 16 विद्यार्थियों का चयन टाटा मोटर्स लिमिटेड के सानंद (अहमदाबाद) संयंत्र में अप्रेंटिस ट्रेनी पद के लिए किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 17,149 रुपये का स्टाइपेंड, निःशुल्क यूनिफॉर्म, भोजन, परिवहन और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा छह माह की सेवा पूरी करने पर 12,000 रुपये का रिटेंशन बोनस भी दिया जाएगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना उनके भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
संस्थान द्वारा आयोजित हालिया चयन प्रक्रिया में डिमना स्थित एक कॉल सेंटर में वॉइस प्रोसेस के लिए 15 युवाओं का चयन किया गया है, जबकि बिष्टुपुर की एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) फर्म में पांच अभ्यर्थियों को अवसर मिला है। इसके अलावा 20 युवाओं का चयन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए किया गया है।
ई-डिजिटल इंडिया स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट के निदेशक रामकृष्ण ठाकुर ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाकर रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कंपनियों और संस्थानों के सहयोग से भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे।
उन्होंने चयनित सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है।


