Campus Boom.
धातकीडीह स्थित एक्सेल टेक्निकल इंस्टीट्यूट में सेफ्टी, फर्स्ट एड एवं डिजास्टर मैनेजमेंट (इमरजेंसी प्रिपेयर्डनेस) प्रशिक्षण सत्र के समापन पर सोमवार को आंध्र प्रदेश से आए छह प्रशिक्षणार्थियों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। यह अवसर संस्थान के लिए गर्व का क्षण रहा।
भारत सरकार के अधीन नेशनल कैपिटल रीजन (एनसीआर) परियोजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त करने आए छह प्रशिक्षणार्थी—जनपति सिंधु, अनुमुला सुधाकर, वी. चेंचा राव, बोनिगेला गणेश, ओबुला संदीप रेड्डी एवं यशेष देवांगन—अब झारखंड वन विभाग के अंतर्गत नामकुम में एक वर्ष के उन्नत प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़ चुके हैं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वे देश के विभिन्न हिस्सों में अपनी सेवाएं देंगे।
समारोह की शुरुआत प्रशिक्षणार्थियों द्वारा केक काटकर की गई। इसके बाद उन्होंने संस्थान के निदेशक मोहम्मद राशिद आलम सहित प्रशिक्षण देने वाले शिक्षकों अरिजीत सरकार, मोहम्मद शब्बीर, मोहम्मद शाहब, माधव सुकोई, दिलीप शुक्ला एवं दुर्जय लाल को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब वे जमशेदपुर आए थे, तब उन्हें केवल अंग्रेजी और अपनी मातृभाषा तेलुगु का ही ज्ञान था। हिंदी भाषा से वे लगभग अनभिज्ञ थे। लेकिन एक्सेल टेक्निकल इंस्टीट्यूट में प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने अंग्रेजी, प्रायोगिक प्रदर्शन (प्रैक्टिकल प्रेजेंटेशन) और सहज शिक्षण पद्धति के माध्यम से न केवल तकनीकी प्रशिक्षण दिया, बल्कि उन्हें हिंदी बोलने और समझने का भी आत्मविश्वास प्रदान किया।
प्रशिक्षणार्थियों ने कहा कि संस्थान के शिक्षकों का आत्मीय व्यवहार, समर्पण और शिक्षण शैली उनके लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने बताया कि इसी कारण उन्होंने विदाई समारोह में अपना संबोधन हिंदी में देने का प्रयास किया, जो उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा।
कार्यक्रम में संस्थान की ओर से रश्मि, काजल, हीना, सपना एवं ब्यूटी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।


