Campus Boom.
जमशेदपुर को-आपरेटिव कॉलेज के स्वामी विवेकानंद हॉल में पीजी प्राणीशास्त्र सत्र 2023-25 के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पीजी सेमेस्टर-2 (2024-26) के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमर सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने विदाई ले रहे विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए जीवन में आगे बढ़ने की सही दिशा दिखाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर प्राणीशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अमर कुमार, डॉ. स्वाति सोरेन, डॉ. मधुसूदन महतो तथा डॉ. स्वाति कुमारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की सीख दी।
कार्यक्रम के दौरान सीनियर विद्यार्थियों ने अपने कॉलेज जीवन के अनुभव साझा किए, जिससे वातावरण भावुक और प्रेरणादायी बन गया। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ हुईं, जिनमें नृत्य, गायन, शायरी तथा मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएँ शामिल थीं। सभी खेल प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित होने के बाद मिस्टर फेयरवेल का खिताब राकेश कुमार तथा मिस फेयरवेल का खिताब लक्ष्मी सोरेन को प्रदान किया गया।
इस सफल आयोजन में पीजी सेमेस्टर-2 के विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन समिति के मुख्य प्रभारी देबाशीष के नेतृत्व में समीर, प्रिंस, जयती, प्रीति, पूजा (भोजन विभाग), गणेश (मीडिया ऑपरेटर), राहुल एवं शाजिया (गायन), लिपिंका (नृत्य), आलिया (शायरी), फौजिया एवं सहिस्ता (सजावट), मोइना एवं उनकी टीम (इवेंट मैनेजमेंट) ने कार्यक्रम को सफल बनाया। मंच संचालन साहिल कुमार शर्मा ने अपने हास्यपूर्ण अंदाज में किया, जिससे विदाई की उदासी खुशी में बदल गई।


