Campus Boom.
सामाजिक संस्था ‘एक प्रयास महिला समिति’ ने रविवार को कदमा में अपना 8वां स्थापना दिवस सादगी, उत्साह और सेवा भावना के साथ मनाया। इस अवसर पर समिति ने सिंडिकेट कॉलोनी में कार्यरत घरेलू सहायिकाओं (डोमेस्टिक हेल्प) के बीच छाते और बिस्किट के पैकेट वितरित कर उनके प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में शहर की वरिष्ठ साहित्यकार प्रतिभा प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए इस प्रकार की पहल प्रेरणादायी है और अन्य संस्थाओं को भी इससे सीख लेनी चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत सुनीता लाल के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद समिति की अध्यक्ष ज्योत्सना अस्थाना ने संस्था की स्थापना के उद्देश्य और पिछले आठ वर्षों में किए गए सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सहयोग पहुंचाना है तथा घरेलू सहायिकाओं के योगदान का सम्मान करना इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
समारोह का सफल संचालन सीता सिंह ने किया, जबकि अंत में मुक्ता सिन्हा ने अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मीनाक्षी, मंजूश्री, एम. सुनीता, साधना, श्रवणी, सोमना, नैना, अर्चना, ईरा, अनुपम, लक्ष्मी, शर्मिला, सांत्वना, कंचन लता, भानुमति एवं सरिता सिंह सहित समिति की सभी सदस्याओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समारोह के अंत में समिति के सदस्यों ने समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए भविष्य में भी सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।


