Campus Boom.
कोल्हान यूनिवर्सिटी के अंतर्गत संचालित लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज, जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज तथा एबीएम कॉलेज के भूगोल विभाग के बी.ए. छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मेजर-6 प्रायोगिक पेपर के अंतर्गत आयोजित इस भ्रमण में कुल 117 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस शैक्षणिक यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सबसे पहले सन टेम्पल का अवलोकन किया, जहां उन्होंने इसकी स्थापत्य कला एवं सांस्कृतिक महत्व को समझा। इसके पश्चात् दल ने दसम फॉल भ्रमण कर वहाँ की भौगोलिक संरचना और प्राकृतिक सौंदर्य का अध्ययन किया।
आगे विद्यार्थियों ने बिरला साइंस म्यूजियम का दौरा किया, जहां विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े विभिन्न प्रदर्शनों का अवलोकन किया गया। भ्रमण के अंतिम चरण में दल टैगोर हिल पहुँचा, जो महान साहित्यकार रबिन्द्रनाथ टैगोर से जुड़ा एक ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थल है।
यह भ्रमण पाँच प्राध्यापकों रितु, डॉ संतोष कुमार, डॉ सुरभि, शोभा एवं सोनम वर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रत्येक स्थल के शैक्षणिक, भौगोलिक एवं सांस्कृतिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करते हैं और उनके व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होते हैं। विद्यार्थियों ने इस यात्रा को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया।


