Campus Boom.
डिजिटल युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence-AI) के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए ई-डिजिटल इंडिया स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट, जमशेदपुर ने “AI के डर से आज़ादी – AI Fear Free Society Campaign” की शुरुआत करने की घोषणा की है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों और आम नागरिकों के बीच एआई को लेकर फैली भ्रांतियों और अनावश्यक भय को दूर कर उसके सुरक्षित, जिम्मेदार और प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक बनाना है।
अभियान के तहत प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, डिजिटल सुरक्षा, जिम्मेदार एआई (Responsible AI), एआई में करियर की संभावनाएं तथा भविष्य के आवश्यक डिजिटल कौशल (Future Skills) से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही फिशिंग, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी विस्तृत मार्गदर्शन किया जाएगा।
संस्थान की ओर से विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निःशुल्क जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम
- 4 अगस्त 2026 – एलबीएसएम कॉलेज, जमशेदपुर
एआई जागरूकता सत्र एवं मेगा जॉब फेयर, जिसमें टाटा मोटर्स और एमआरएफ सहित विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। - 6 अगस्त 2026 – सरदमनी स्कूल
स्टूडेंट्स एआई एवं साइबर सेफ्टी अवेयरनेस प्रोग्राम। - 9 अगस्त 2026 – गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, आदित्यपुर
एआई जागरूकता एवं करियर मार्गदर्शन सत्र।
संस्थान के निदेशक रामकृष्ण ठाकुर ने कहा कि आज समाज में एआई को लेकर अनेक प्रकार की भ्रांतियां और अनावश्यक भय व्याप्त हैं। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को डराना नहीं, बल्कि उन्हें सही जानकारी देकर एआई का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में एआई प्रत्येक क्षेत्र का अभिन्न हिस्सा बनने जा रहा है, इसलिए युवाओं को समय रहते डिजिटल और एआई कौशल से सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से इस निःशुल्क जन-जागरूकता अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि सभी की सहभागिता से ही एक जागरूक, सुरक्षित और एआई-भयमुक्त समाज का निर्माण संभव है।
अभियान का संदेश है—
“ज्ञान से भय दूर होगा, जागरूकता से भविष्य सुरक्षित होगा। AI के डर से आज़ादी – यही है हमारा लक्ष्य।”


