स्वास्थ्य जागरूकता के साथ वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
Campus Boom.
Doctors Day के अवसर पर जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा इनर व्हील क्लब ऑफ जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ चिकित्सकों के योगदान का सम्मान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कृष्ण प्यारे के स्वागत भाषण से हुआ। इसके बाद इनर व्हील क्लब ऑफ जमशेदपुर की अध्यक्ष ज्योति भगत ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।
शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों का हुआ सम्मान
डॉक्टर्स डे के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. सुजीत कुमार (नेफ्रोलॉजिस्ट, ब्रह्मानंद अस्पताल), डॉ. आशा रानी प्रसाद (नेत्र विशेषज्ञ), डॉ. सोमा घोष मुखर्जी (दंत चिकित्सक) तथा डॉ. पुष्पा तिवारी को उनके चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में मुख्य वक्ता डॉ. दिलीप कुमार, पूर्व एसोसिएट प्रोफेसर (मेडिसिन), एमजीएम मेडिकल कॉलेज, ने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित जीवनशैली और बीमारियों की रोकथाम के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों से समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
100 से अधिक लोगों की हुई निःशुल्क स्वास्थ्य जांच
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर में नेत्र जांच, दंत जांच, लिपिड प्रोफाइल, बोन डेंसिटी टेस्ट, ब्लड शुगर एवं रक्तचाप (बीपी) जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 100 से अधिक लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के साथ-साथ परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में डॉ. अंतरा कुमारी, डॉ. अशोक कुमार रवानी, सीनेट सदस्य डॉ. अमर कुमार, डॉ. शालिनी, डॉ. दुर्गा तामसोय, डॉ. शोभा, डॉ. पुष्पा, डॉ. प्याली, डॉ. मंगला श्रीवास्तव, डॉ. अनुपम, डॉ. स्वाति वत्स, डॉ. सबिता पॉल, चंदन सिंह तथा संजय यादव सहित अनेक शिक्षक, चिकित्सक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रियंका ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अंशु ने प्रस्तुत किया। आयोजन ने चिकित्सकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने का प्रभावी संदेश दिया।


