Campus Boom.
जमशेदपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का शुक्रवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में आयोजन किया गया। खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड, नेहरू युवा केंद्र संगठन (मेरा युवा भारत), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा जिला प्रशासन के खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस उत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 250 से अधिक युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस वर्ष युवा उत्सव की थीम ‘नशा मुक्ति युवा, विकसित भारत’ रखी गई थी। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी, मेरा युवा भारत के जिला युवा पदाधिकारी मोंटू पातर तथा जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. कमल कुमार महतो उपस्थित रहे।
युवा उत्सव के दौरान पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक शामिल थे। प्रतिभागियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता
सामूहिक लोकनृत्य
प्रथम – ट्राइबल रिदम
द्वितीय – पटमदा डिग्री कॉलेज
तृतीय – गोमहर अखाड़ा
सामूहिक लोकगीत
प्रथम – करीम सिटी कॉलेज टीम
द्वितीय – कला मंदिर टीम, बिष्टुपुर
तृतीय – पटमदा डिग्री कॉलेज टीम
कविता लेखन
प्रथम – नित्य झा
द्वितीय – अनम युसूफ
तृतीय – रोहित शर्मा
चित्रकला
प्रथम – वैभवी, डीएवी बिष्टुपुर
द्वितीय – श्रुति मंडल
तृतीय – गौतम महतो
नुक्कड़ नाटक प्रथम – टीम सक्षम, करीम सिटी कॉलेज।
विशेषज्ञों ने निभाई निर्णायक की भूमिका
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को निर्णायक बनाया गया था। सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में आकाश देव और डॉ. सनातन दीप, कविता लेखन में वरुण प्रभात और शैलेंद्र अस्थाना ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
वहीं, सामूहिक लोकनृत्य प्रतियोगिता में जमशेदपुर वूमेन यूनिवर्सिटी की सहायक प्राध्यापक डॉ. सुधा सिंह दीप और जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की निर्णायक रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता का मूल्यांकन नागेश चौधरी एवं सुबोध कुमार पांडे ने किया। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में झारखंड सांस्कृतिक मंच, जमशेदपुर के निर्देशक शिवलाल सागर निर्णायक रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को जिला योजना पदाधिकारी (एनईपी) राजेश कुमार ने विशेष रूप से पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा। प्रमंडल स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके बाद राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
इस आयोजन को सफल बनाने में मेरा युवा भारत (नेहरू युवा केंद्र), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और जिला प्रशासन के खेल विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



