Campus Boom.
जमशेदपुर। भारत और अमेरिका के बीच महत्वपूर्ण खनिज (क्रिटिकल मिनरल्स) क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने की दिशा में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की एक उच्चस्तरीय टीम ने मंगलवार को CSIR-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (CSIR-NML) का दौरा किया। टीम का नेतृत्व अमेरिकी महावाणिज्य दूत कैथी गाइल्स-डेविस ने किया। उनके साथ राजनीतिक एवं आर्थिक मामलों के कौंसल बार्फस कालुंड भी उपस्थित थे।
यह दौरा भारत और अमेरिका के बीच हाल ही में महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (MoU) के अनुरूप आयोजित किया गया था। बैठक का मुख्य उद्देश्य CSIR-NML और अमेरिका के अनुसंधान एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच संभावित सहयोग के क्षेत्रों की पहचान करना तथा विचारों का आदान-प्रदान करना था।
दौरे के दौरान CSIR-NML के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने संस्थान की अनुसंधान क्षमताओं, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इसके बाद अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को CSIR-NML में महत्वपूर्ण खनिजों, धातुओं, उन्नत सामग्रियों तथा धातुकर्म से जुड़े विभिन्न अनुसंधान कार्यों और तकनीकी उपलब्धियों का प्रदर्शन कराया गया।
अपने संबोधन में कैथी गाइल्स-डेविस ने CSIR-NML और अमेरिकी अनुसंधान एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच संवाद और सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक एवं द्वितीयक संसाधनों के प्रसंस्करण (Processing of Primary and Secondary Resources) के क्षेत्र में दोनों देशों की समान रुचियां और प्राथमिकताएं हैं, जिनका उपयोग स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा (Clean and Green Energy) की बढ़ती आवश्यकताओं को पूरा करने में किया जा सकता है।
बैठक के दौरान महत्वपूर्ण खनिजों के सतत उपयोग, संसाधन दक्षता, अनुसंधान सहयोग तथा तकनीकी नवाचार के क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इस दौरे को भारत-अमेरिका वैज्ञानिक एवं औद्योगिक सहयोग को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


