Campus Boom.
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बागबेड़ा में आज दादा-दादी एवं नाना-नानी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य रंजय कुमार राय तथा अतिथि के रूप में उपस्थित रामाचल चौहान व उनकी धर्मपत्नी सुमन चौहान द्वारा मां सरस्वती, ॐ एवं भारत माता के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों का परिचय वरिष्ठ आचार्या रेणु दीदी ने कराया, जबकि प्रस्तावना पंकज कुमार मिश्र ने प्रस्तुत की। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य रंजय कुमार राय ने कहा कि पूर्व में संयुक्त परिवारों में बच्चों का सर्वांगीण विकास होता था, जहां उन्हें दादा-दादी व नाना-नानी से संस्कार, स्नेह और प्रेरणादायक कहानियां मिलती थीं। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि वर्तमान समय में एकल परिवारों के बढ़ते चलन से बुजुर्गों की उपेक्षा बढ़ रही है, जिसे रोकने और उनके सम्मान के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
इस अवसर पर दादी-नानियों के लिए गुब्बारा फोड़ प्रतियोगिता तथा दादा-नानाजी के लिए चेयर रेस का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छोटे-छोटे भैया-बहनों द्वारा गीत, नृत्य एवं अभिनय की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसे देख कई लोग भावुक हो उठे।
समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के आचार्य-दीदी एवं भैया-बहनों की सक्रिय भूमिका रही।


