– देशभर से जुटे भोजपुरी भाषा-भाषी, केंद्र सरकार से शीघ्र संवैधानिक मान्यता देने की मांग
Campus Boom.
भोजपुरी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर ‘भोजपुरी जन जागरण अभियान’ के तत्वावधान में रविवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर 28वां विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष पटेल के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए भोजपुरी भाषा-भाषियों ने भाग लेकर केंद्र सरकार से भोजपुरी को संवैधानिक मान्यता देने की मांग की।
डॉ. संतोष पटेल ने कहा कि लगभग 16 देशों में बोली जाने वाली और 25 से 30 करोड़ लोगों की मातृभाषा भोजपुरी को आज तक संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल नहीं किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक भोजपुरी को उसका संवैधानिक अधिकार नहीं मिलता, तब तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
अभियान के राष्ट्रीय महामंत्री धनंजय सिंह ने कहा कि वर्षों से केवल आश्वासन ही दिए जा रहे हैं। अब सरकार को अपनी मंशा स्पष्ट करते हुए भोजपुरी को अन्य भारतीय भाषाओं के समान संवैधानिक दर्जा देना चाहिए।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सी.के. भट्ट ने कहा कि भोजपुरी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की संस्कृति, सभ्यता और समृद्ध साहित्यिक विरासत की पहचान है। इसलिए इसे शीघ्र आठवीं अनुसूची में शामिल किया जाना चाहिए।
आयोजकों ने बताया कि ‘भोजपुरी जन जागरण अभियान’ प्रत्येक संसदीय सत्र के दौरान जंतर-मंतर पर आंदोलन करता रहा है। प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री तथा विभिन्न सांसदों और मंत्रियों को लगातार ज्ञापन सौंपे गए हैं। कई जनप्रतिनिधियों ने समर्थन भी दिया, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता अजीत सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. संतोष पटेल ने किया। कार्यक्रम में देश के लगभग सभी राज्यों से आए भोजपुरी भाषा-भाषियों, सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों और साहित्यकारों ने भाग लेकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
धरना-प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृह मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. संतोष पटेल, मनोज कुमार सिंह, डॉ. महेंद्र प्रसाद सिंह, अजीत सिंह, डॉ. राजेश मांझी, सी.के. भट्ट, धनंजय कुमार सिंह, डॉ. बी.के. सिंह पटेल, नागेंद्र पटेल, डॉ. पुष्कर कुमार, परमेंद्र सिंह, संतोष यादव, रितेश सिंह राणा, आमोद कुमार, संतोष शाही, आर्यन कुमार, ओमप्रकाश कुमार, मुखदेव बैठा, सतीश तिवारी, प्रो. आलोक पांडेय, शारदा सिंह, चंद्रशेखर राय, अंकित तिवारी, राज नंदन, सुधीर जायसवाल, चंदन कुमार, प्रमोद कुमार सुमन, अमरजीत कुमार, संजय बिहारी, मोहन गुप्ता, पत्रकार मधुरेंद्र, राजकुमार अनुरागी सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अंत में अभियान के राष्ट्रीय संयोजक राजेश भोजपुरिया ने प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से आंदोलन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।


