Campus Boom.
जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय संकट देश में प्रगतिशील खेती के सामने बड़ी बाधा है। फसलों को रोगों से बचाना जरूरी है लेकिन खेतों में हो रहा रासायनिक तत्वों का अंधाधुन इस्तेमाल मिट्टी को जहरीला बना रहा है। यह बातें जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के दौरान बनारस हिंदू विश्वविद्यालय वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ प्रशांत सिंह ने कही. सेमिनार में सूक्ष्मजीवी घोल के माध्यम से फसलों को बीमारियों एवं खेतों की मिट्टी की उपजाऊ बनाए रखने की नई तकनीक की जानकारी सामने आई। इस नई तकनीक का नाम डिफेंस प्राइमिंग रखा गया। डॉ प्रशांत सिंह ने “पीजीपीआर के माध्यम से पौधों में रक्षा-प्राइमिंग, पर्यावरणीय स्थिरता और मानव कल्याण के लिए स्मार्ट प्लांट हेल्थकेयर” विषय पर प्रकाश डाला। इस व्याख्यान में उन्होंने पीजीपीआर (प्लांट ग्रोथ प्रमोटिंग रिहजोबैक्टरिया) की भूमिका, पौधों की रोग-प्रतिरोधक क्षमता और पर्यावरणीय संतुलन में इसके महत्व पर प्रकाश डाला।
डॉ प्रशांत ने बताया कि वनस्पति विज्ञानियों ने पहली बार पौध की प्राकृतिक प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने का बेहतर रास्ता खोजा है, इससे पौध रोगों से मुक्त रहेगी, साथ ही प्रजाति की नस्लें भी सुरक्षित रहेंगी। डिफेंस प्राइमिंग नामक सूक्ष्मजीवी घोल से पौध को संभावित खतरों का सामना करने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। अध्ययन के दौरान वह बीमारियों और पर्यावरणीय तनावों का बेहतर ढंग से सामना कर रहीं हैं। यह पद्धति न सिर्फ फसलों को स्वस्थ करेंगी, बल्कि उत्पादन में भी वृद्धि हो सकेगी, साथ ही हानिकारक रसायन या अत्यधिक खेती तकनीकों में कमी लाएगी।
डॉ प्रशांत कहते हैं कि शोध के दौरान कोई कीटनाशक और फफूंदनाशक का प्रयोग नहीं किया गया, इसके बाद भी पौधे पूरी तरह रोग और सूखे से सुरक्षित रहे। फील्ड ट्रायल के लिए विवि परिसर में छोटी-छोटी क्यारियां बनाईं गई थीं। 100 ग्राम बीज में 10 मिलीलीटर सूक्ष्मजीवी घोल का प्रयोग हुआ। डिफेंस प्राइमिंग से किसानों को समृद्ध किया जा सकता है। पौधों में प्रतिरक्षा तंत्र सक्रिय होने से वह रोगों से बेहतर तरीके से लड़ सकेंगे क्योंकि यह प्रतिरक्षा प्रभाव सिर्फ वर्तमान पौध तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह अगली पीढ़ियों तक भी स्थानांतरित होगा।


