Campus Boom.
लोयोला स्कूल, टेल्को का छठा वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह शनिवार को उत्साह और उपलब्धियों के माहौल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय ने अपने प्रथम आईसीएसई बैच की ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाते हुए शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
समारोह की मुख्य अतिथि झारखंड प्रशासनिक सेवा की अधिकारी एवं आदित्यपुर नगर निगम की पूर्व उप नगर आयुक्त श्रीमती पारुल सिंह थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना नृत्य से हुआ। इसके बाद शैक्षणिक उत्कृष्टता, उल्लेखनीय सुधार, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना तथा विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष कर सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि पारुल सिंह ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास, अथक मेहनत, अटूट जिद और मंजिल तक पहुंचने का जज्बा ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को संघर्ष करना सिखाने, शिक्षकों का सम्मान करने और स्वयं उनके लिए आदर्श बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत फ्यूजन डांस ने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यालय के प्रथम छात्र परिषद अध्यक्ष गौरव महतो ने अपने अनुभव साझा किए। समारोह का विशेष आकर्षण प्रथम आईसीएसई बैच के विद्यार्थियों को विषयवार टॉपर पुरस्कार प्रदान किया जाना रहा।
विद्यालय का सर्वोच्च शैक्षणिक सम्मान ‘आईसीएसई बैच टॉपर अवॉर्ड’ जिशान सोम को प्रदान किया गया, जबकि ‘मिस्टर लोयोला-2026’ का प्रतिष्ठित खिताब लक्ष्य वर्मा के नाम रहा। इसके अलावा प्रेस, साहित्यिक, बायो, इंटरैक्ट, ज्योति, कला, संगीत, नृत्य, सामान्य ज्ञान और खेलकूद क्लबों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यार्थियों को प्राचार्या पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में प्राचार्या चरणजीत ओहसन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कैंडल सॉन्ग और विद्यालय गान ‘लोयोला एंथम’ के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।
इस अवसर पर रेक्टर फादर माइकल, फादर ऑस्कर होरो, प्रशासक फादर जेरी डिसूजा, उप-प्राचार्या रेशमा रोड्रिग्स, ज़ीनत मारिया सुंडी, मॉडरेटर कोलीन ज़ेवियर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे।


