Campus Boom.
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में जंतु विज्ञान विभाग एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के संयुक्त तत्वावधान में कॉन्फोकल लेजर माइक्रोस्कोपी विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में कुल 75 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अमर सिंह एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों और उन्नत अनुसंधान तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसी कार्यशालाएं छात्रों को शोध एवं नवाचार की दिशा में प्रेरित करती हैं।
कार्यशाला में कोलकाता से आए विशेषज्ञ वक्ता डॉ. अनुपम बनर्जी, किरण के. कृष्णन तथा डॉ. इशारिक दास ने कॉन्फोकल लेजर माइक्रोस्कोपी की कार्यप्रणाली, संरचना और वैज्ञानिक उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि इस तकनीक में लेजर प्रकाश एवं पिनहोल प्रणाली के माध्यम से अनावश्यक प्रकाश को हटाकर उच्च-रिज़ॉल्यूशन एवं स्पष्ट त्रि-आयामी (3D) छवियां प्राप्त की जाती हैं। यह तकनीक कोशिकीय संरचना, ऊतक विश्लेषण, फ्लोरोसेंस इमेजिंग तथा सूक्ष्म जैविक प्रक्रियाओं के अध्ययन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है।
कार्यक्रम में IQAC की समन्वयक डॉ. नीता सिन्हा, डॉ. स्वाति सोरेन, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विष्णु शंकर सिन्हा, डॉ. संगीता तथा डॉ. मधुसूदन महतो विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अमर कुमार ने माइक्रोस्कोपी के वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि कॉन्फोकल माइक्रोस्कोपी पारंपरिक माइक्रोस्कोप की तुलना में बेहतर फोकसिंग एवं ऑप्टिकल सेक्शनिंग प्रदान करती है, जिससे कोशिकाओं के भीतर सूक्ष्म संरचनाओं का सटीक अध्ययन संभव होता है।
डॉ. अमर कुमार ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को उन्नत प्रयोगशालाओं एवं प्रतिष्ठित शोध संस्थानों से जोड़ना है, ताकि उन्हें वास्तविक शोध गतिविधियों का अनुभव मिल सके। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की उन्नत वैज्ञानिक कार्यशालाओं के नियमित आयोजन की बात कही।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को उपकरणों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे उनकी वैज्ञानिक समझ और शोध अभिरुचि में वृद्धि हुई। कार्यक्रम में शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और प्रतिभागियों ने इसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।


