Campus Boom.
जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर सप्ताहभर तक चलाए गए नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का सफलतापूर्वक समापन हुआ। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
सप्ताहभर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में स्लोगन लेखन, पोस्टर एवं पेंटिंग प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी तथा निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया। इसके अलावा साइकिल रैली एवं जागरूकता रैली निकालकर समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया और नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ ली। इसके पश्चात विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री अवधेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि हमारे विद्यार्थी नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाएँगे, तो वे अपने परिवार, समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। विवेक विद्यालय सदैव विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और सकारात्मक जीवन दृष्टि के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।”
अंत में विद्यालय परिवार ने नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए अपने संकल्प को दोहराते हुए समाज के सभी वर्गों से इस जनजागरूकता अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।


