Campus Boom.
एनटीटीएफ (आर.डी. टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर), गोलमुरी एवं टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नए बैच के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 10 दिवसीय ‘रोप-इन’ (Rope-In) प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शनिवार को उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुआ। समापन समारोह में विद्यार्थियों ने योग, समूह पीटी, रचनात्मक गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास, टीम भावना और अनुशासन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन टाटा स्टील फाउंडेशन के बृज किशोर सिंह, एनटीटीएफ की प्राचार्य प्रीता जॉन तथा उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया।
उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने स्वागत भाषण में कहा कि रोप-इन कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल संस्थान से परिचित कराना नहीं, बल्कि उनमें अनुशासन, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच का विकास करना भी है। उन्होंने बताया कि दस दिनों के प्रशिक्षण के दौरान योग, शारीरिक प्रशिक्षण, समूह गतिविधियों, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, समय प्रबंधन, मेमोरी तकनीक और टीम बिल्डिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।
मुख्य अतिथि बृज किशोर सिंह ने कहा कि “टीम भावना और समय की प्रतिबद्धता ही सफलता का मूलमंत्र है।” उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता केवल व्यक्तिगत प्रतिभा से नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास, अनुशासन और समय के सम्मान से मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, सकारात्मक सोच अपनाने और निरंतर सीखते रहने की प्रेरणा दी। साथ ही मेमोरी तकनीक, लक्ष्य निर्धारण और प्रभावी टीम वर्क के व्यावहारिक पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
प्राचार्य प्रीता जॉन ने कहा कि एनटीटीएफ का उद्देश्य केवल तकनीकी शिक्षा देना नहीं, बल्कि उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप अनुशासित, दक्ष और जिम्मेदार तकनीशियन तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ दैनिक डायरी (बैच-1) में रीमा कर्मकार तथा (बैच-2) में आर्या श्रीवास्तव, कोलाज प्रतियोगिता में बैच-1 से राज नंदिनी एवं सपना सिंह तथा बैच-2 से अवनीत संधू विजेता बने। सर्वश्रेष्ठ योग का पुरस्कार राज नंदिनी, सर्वश्रेष्ठ व्यायाम का पुरस्कार प्रिंस तिवारी को मिला। वहीं सर्वश्रेष्ठ अनुशासन (बालक वर्ग) में करणदीप सिंह तथा (बालिका वर्ग) में साई पद्मा नंदा को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग एवं समूह पीटी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। उनकी एकरूपता, अनुशासन और तालमेल ने उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी।
अंत में उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए मुख्य अतिथि, अभिभावकों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मृण्मय कुमार महतो, ज्योति कुमार ठाकुर सहित संस्थान के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।


