Campus Boom.
राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के तत्वावधान में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में 21 से 30 मई 2026 तक आयोजित कम्बाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (CATC-III) में जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज की कैडेट ट्विंकल दास ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो पदक हासिल किए।
बिहार और झारखंड के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए 500 से अधिक एनसीसी कैडेटों ने दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। शिविर के दौरान ड्रिल, नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन तथा सामूहिक जीवन से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
शिविर के समापन अवसर पर 37 झारखंड बटालियन NCC द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया। इस दौरान कैडेट ट्विंकल दास को Best Drill Cadet एवं Girls Leadership श्रेणी में शानदार प्रदर्शन के लिए क्रमशः रजत और स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
ट्विंकल दास की इस उपलब्धि पर जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कृष्ण प्यारे ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय और एनसीसी इकाई दोनों के लिए गौरव का विषय है।
दर्शनशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक एवं एनसीसी सीटीओ डॉ. डुमरेंद्र राजन, जो दस दिवसीय कैंप का हिस्सा रहे, ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ट्विंकल की सफलता अन्य कैडेटों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।


