Campus Boom.
शहर में रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक संस्था टीम पीएसएफ ने एक और उपलब्धि हासिल करते हुए दो नए शतकवीर रक्तदाता दिए हैं। टाटा मोटर्स के कर्मी तथा भीवीडीए के महासचिव और टीम पीएसएफ के आजीवन सदस्य कमल कुमार घोष तथा एमएनसी कंपनी रॉकवेल में कार्यरत शुभेंदु मुखर्जी ने अपना 100वां रक्तदान कर शतकीय पारी पूरी की। दोनों रक्तवीरों ने अपनी यह उपलब्धि लौह पुरुष रतन टाटा को समर्पित की।
इस अवसर पर एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट) रक्तदान के क्षेत्र में भी टीम पीएसएफ ने नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 1787वां एसडीपी रक्तदान पूरा किया। संस्था की ओर से अब तक कुल 17 शतकवीर रक्तदाता समाज को समर्पित किए जा चुके हैं, जो किसी भी स्वयंसेवी संस्था के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर में दोनों रक्तदाताओं का पुष्प वर्षा, तिलक और हल्दी लगाकर स्वागत किया गया। रक्तदान के बाद उन्हें पुष्पगुच्छ, शॉल, शतकीय मेमेंटो, विभिन्न प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, डॉ. लव बहादुर सिंह, डॉ. निर्जला झा, डॉ. रीता सिंह, तकनीशियन धीरज कुमार, अरुनभो मोइत्रा तथा टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार सहित भास्कर कुंडू, दीपक कुमार मित्रा, सोमनाथ दत्ता, कुमारेस हाजरा, उत्तम कुमार गोराई, रवि शंकर, अनिल प्रसाद, पौशाली मुखर्जी और शुभोदीप मुखर्जी उपस्थित थे।

