Rina Kumari.
झारखंड के ग्रामीण इलाकों में जहां नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही है, वहीं पूर्वी सिंहभूम जिले के एक छोटे से गांव का युवा खेल के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव की नई कहानी लिख रहे है। हितकू के बाबूलाल हेंब्रम की तरह बाराबांकी पंचायत के शीलपहाड़ी गांव निवासी 20 वर्षीय बेबी सोरेन फुटबॉल को हथियार बनाकर युवाओं को नशे से दूर करने और समाज को जागरूक बनाने के अभियान में जुटी हैं। Campus Boom की विशेष श्रृंखला Change Maker of Society के इस कड़ी में पढ़े बेबी सोरेन एक ऐसी युवती जिसने नशा के खिलाफ नए तरीके से आंदोलन शुरू किया है।
People For Change के “Adir Fellowship” से जुड़ी बेबी सोरेन का लक्ष्य है – “नशा मुक्त फुटबॉल और जागरूक सोसाइटी”। सीमित संसाधनों वाले ग्रामीण परिवेश से आने वाली बेबी ने अपने गांव और आसपास के इलाकों में देखा कि धीरे-धीरे कई युवा शराब, तंबाकू और अन्य नशे की चपेट में आते जा रहे हैं। इसका असर परिवारों और पूरे सामाजिक माहौल पर पड़ रहा था।
खेल के जरिए बदलाव लाने का लिया संकल्प
इन परिस्थितियों को देखकर बेबी सोरेन ने महसूस किया कि यदि युवाओं और बच्चों को खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए, तो उन्हें नशे से दूर रखा जा सकता है। इसी सोच के साथ उन्होंने “नशा मुक्त फुटबॉल” अभियान की शुरुआत की।
शुरुआत आसान नहीं थी। मैदान में बहुत कम युवा आते थे और कई लोग इस पहल को गंभीरता से नहीं लेते थे। लेकिन बेबी ने हार नहीं मानी। वे घर-घर जाकर युवाओं से मिले, उनसे संवाद किया और खेल के महत्व को समझाया।
मैदान में बना अनुशासन और जिम्मेदारी का माहौल
धीरे-धीरे गांव के बच्चे और युवा फुटबॉल मैदान से जुड़ने लगे। बेबी और उनकी टीम ने साफ नियम बनाया कि कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में मैदान में प्रवेश नहीं करेगा। इस छोटे लेकिन सख्त नियम का बड़ा असर देखने को मिला। जो युवा पहले अपना समय नशे में बिताते थे, वे अब खेल, फिटनेस और टीमवर्क पर ध्यान देने लगे। कई युवाओं ने नशा छोड़ने या कम करने की शुरुआत की।
250 से अधिक बच्चे और युवा जुड़े अभियान से
बेबी सोरेन और उनकी टीम के प्रयासों का असर अब पूरे इलाके में दिखाई देने लगा है। अभियान के तहत अब तक 250 से अधिक बच्चे और युवा नियमित रूप से फुटबॉल और खेल गतिविधियों से जुड़ चुके हैं। इसके अलावा 50 से अधिक युवाओं ने नशा छोड़ने या कम करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अब तक 30 से अधिक फुटबॉल प्रैक्टिस और सामुदायिक मैच आयोजित किए जा चुके हैं, जबकि 15 से अधिक गांवों और टोला स्तर पर जागरूकता बैठकें की गई हैं।
महिलाओं और लड़कियों की भागीदारी बनी बड़ी ताकत
इस अभियान की खास बात यह है कि इसमें केवल लड़कों और युवाओं की ही नहीं, बल्कि महिलाओं और लड़कियों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। गांव की माताएँ और महिलाएँ अब अपने बच्चों और युवाओं को खेल के लिए प्रेरित कर रही हैं। वे परिवारों में नशे के खिलाफ आवाज भी उठा रही हैं। अभियान में अब तक 60 से अधिक महिलाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया है।
सबसे बड़ा बदलाव लड़कियों की भागीदारी को लेकर देखने को मिला है। पहले गांव में लड़कियाँ खेल गतिविधियों से दूर रहती थीं, लेकिन अब 30 से अधिक लड़कियाँ फुटबॉल और अन्य खेल गतिविधियों से जुड़ चुकी हैं।
फुटबॉल मैदान बना सामाजिक एकता का केंद्र
आज गांव का फुटबॉल मैदान केवल खेल का मैदान नहीं रहा, बल्कि सामाजिक बदलाव और एकता का केंद्र बन चुका है। यहां बच्चे अनुशासन सीख रहे हैं, युवा नशे से दूर हो रहे हैं और लड़कियाँ आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। गांव के बुजुर्ग, पुरुष और पंचायत समिति के सदस्य भी इस पहल का समर्थन कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने खेल सामग्री उपलब्ध कराने और युवाओं को प्रोत्साहित करने में सहयोग दिया है।
Fellowship ने बढ़ाया आत्मविश्वास और सामाजिक जुड़ाव
बेबी सोरेन बताती हैं कि Adir Fellowship से जुड़ने के बाद वे अपने समुदाय में पहले से अधिक सक्रिय हुए हैं। अब वे सामाजिक बैठकों, जागरूकता अभियानों और सामुदायिक कार्यक्रमों में नियमित रूप से भाग लेते हैं। उनका कहना है कि इस पहल ने उन्हें यह समझाया कि समाज में बदलाव तभी संभव है जब लड़का, लड़की, महिला, पुरुष और बच्चे – सभी मिलकर एक साथ काम करें।
नशा मुक्त गांव” बनाने का सपना
बेबी सोरेन का सपना है कि उनका गांव पूरी तरह नशा मुक्त बने और हर युवा खेल, शिक्षा और सकारात्मक कार्यों की ओर आगे बढ़े। वे चाहती हैं कि उनका समाज एक ऐसे उदाहरण के रूप में पहचाना जाए, जहां एकता, जागरूकता और सकारात्मक सोच के जरिए बदलाव लाया गया हो।“जब युवा खेल से जुड़ते हैं, महिलाएँ साथ खड़ी होती हैं, बच्चे प्रेरित होते हैं और पूरा समाज एकजुट होता है, तभी असली बदलाव आता है।”
बेबी सोरेन
ग्रामीण झारखंड से निकली यह पहल इस बात का उदाहरण है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि युवाओं को सही दिशा और मंच मिले, तो वे समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।



