Rina Kumari, Jamshedpur.
जमशेदपुर के गदरा गांव की रहने वाली शीतल भुमिज आज अपने समुदाय में बदलाव की नई पहचान बन चुकी हैं। कुछ वर्ष पहले उन्होंने अपने गांव में एक ऐसी समस्या देखी, जिसने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। गांव के कई बच्चे स्कूल छोड़ चुके थे। कुछ गरीबी के कारण मजदूरी कर रहे थे, तो कुछ घर के कामों में लग गए थे। कई बच्चों और उनके अभिभावकों को शिक्षा का महत्व समझ ही नहीं आ रहा था। Campus Boom की विशेष श्रृंखला Change Maker of Society के इस कड़ी में पढ़े कि किस तरह शीतल के दृढ़ संकल्प ने स्कूल का रास्ता छोड़ चुके बच्चों को फिर से उसके अंगना में लाने और भविष्य गढ़ने के लिए प्रेरित किया है।
शीतल बताती हैं कि एक दिन उन्होंने 10-12 साल के बच्चों को काम करते देखा। उसी क्षण उनके मन में सवाल उठा कि अगर ये बच्चे पढ़ाई से दूर रहेंगे तो उनका भविष्य कैसा होगा। तभी उन्होंने तय किया कि इन बच्चों को दोबारा स्कूल पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी।
घर-घर जाकर समझाए अभिभावक
शुरुआत बेहद कठिन रही। जब शीतल ने गांव के लोगों से बच्चों की पढ़ाई को लेकर बात करनी शुरू की, तो कई लोगों ने उनका मजाक उड़ाया। कुछ लोगों का कहना था कि “पढ़ाई से क्या होगा”, जबकि कई अभिभावकों का मानना था कि गरीब परिवारों के बच्चे काम करेंगे तभी घर चलेगा।
इन तमाम विरोधों के बावजूद शीतल ने हार नहीं मानी। वह रोज गांव के घर-घर जाकर माता-पिता को समझाती थीं कि शिक्षा ही बच्चों का भविष्य बदल सकती है। कई बार लोग उन्हें दरवाजे से ही लौटा देते थे, लेकिन उन्होंने लगातार अपने प्रयास जारी रखे।
जब बच्चे ही स्कूल जाने से करने लगे इनकार
सबसे बड़ी चुनौती तब सामने आई जब कई बच्चे खुद ही स्कूल लौटने को तैयार नहीं थे। लंबे समय तक पढ़ाई से दूर रहने के कारण उन्हें लगता था कि अब पढ़ाई उनके किसी काम की नहीं रही। इसी दौरान शीतल People For Change से जुड़ीं और अपने साथ 20 युवाओं की एक टीम तैयार की, जिन्हें उन्होंने “चेंजमेकर्स” बनाया।
People for Change की टीम और समुदाय के सहयोग से शीतल ने गदरा गांव के 60 ड्रॉपआउट बच्चों का दोबारा स्कूलों में दाखिला करवाया। इस अभियान में ड्रॉपआउट बच्चे, उनके अभिभावक, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षा विभाग और गांव के लोग प्रमुख हितधारक बने।
312 लोगों को जोड़कर खड़ा किया सामुदायिक अभियान
शीतल ने अपने अभियान के दौरान समुदाय के 312 लोगों को जागरूकता और शिक्षा अभियान से जोड़ा। उनके प्रयासों का असर अब पूरे गांव में दिखाई देने लगा है। अभिभावक अपने बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने लगे हैं और नियमित रूप से बच्चों को स्कूल भेज रहे हैं।
गांव के लोगों ने भी यह महसूस किया कि जब समुदाय मिलकर बच्चों के भविष्य के लिए काम करता है तो बदलाव संभव है। धीरे-धीरे लोगों ने शीतल और उनकी टीम का सहयोग करना शुरू किया।
अब समस्याओं के समाधान के लिए लोग पहुंचते हैं शीतल के पास
शीतल कहती हैं कि इस अभियान ने न सिर्फ समुदाय को बदला, बल्कि उन्हें भी एक नई पहचान दी। अब गांव में किसी भी सामाजिक समस्या पर लोग उनके पास सलाह लेने आते हैं। उनका मानना है कि किसी भी समस्या का समाधान धैर्य और व्यवस्था के साथ काम करने से संभव है। उन्होंने बताया कि उनके साथ जुड़े 20 चेंजमेकर्स में भी बड़ा बदलाव आया है। पहले वे केवल अपने बारे में सोचते थे, लेकिन अब समुदाय और सामाजिक परिवर्तन के लिए सोचने लगे हैं।
शिक्षा से बदलेगा भविष्य
शीतल भुमिज की यह पहल बताती है कि यदि एक व्यक्ति भी बदलाव का संकल्प ले, तो वह पूरे समुदाय की दिशा बदल सकता है। गदरा गांव में शुरू हुआ यह छोटा प्रयास आज शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का मजबूत आंदोलन बन चुका है।


