Campus Boom.
सोनारी, जमशेदपुर की रहने वाली लखी गोराई आज अपने समुदाय में बदलाव की नई पहचान बन चुकी हैं। बी.कॉम की पढ़ाई कर रही लखी निर्मल नगर बी क्षेत्र से आती हैं, जहां नशाखोरी, बाल विवाह और बाल मजदूरी जैसी गंभीर समस्याएं लंबे समय से समाज को प्रभावित करती रही हैं। सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि इन समस्याओं को कई बार स्थानीय स्तर पर समर्थन भी मिल जाता था, जिससे बदलाव लाना आसान नहीं था। Campus Boom की विशेष श्रृंखला Change Maker of Society के इस कड़ी में पढ़े लखी गोराई के उस संकल्प और जज्बे की कहानी जो समाज को शिक्षा से जोड़ रही है।
इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद लखी ने हार नहीं मानी और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। उनकी यात्रा की शुरुआत “पीपल फॉर चेंज” के “अदीर फेलोशिप प्रोग्राम” से हुई। शुरुआत में लखी के लिए समुदाय के बीच काम करना आसान नहीं था। लोगों से बातचीत करने में झिझक होती थी और अनुभव की भी कमी थी। लेकिन लगातार प्रयास और सहयोग से उन्होंने धीरे-धीरे आत्मविश्वास विकसित किया और लोगों से जुड़ना शुरू किया।
20 चेंजमेकर्स की टीम बनाकर शुरू किया अभियान
समय के साथ लखी ने 20 चेंजमेकर्स की एक टीम तैयार की। टीम ने अपने समुदाय में सर्वे किया, जिसमें पता चला कि 49 बच्चे स्कूल छोड़ चुके हैं। शुरुआत में लोगों ने उन पर भरोसा नहीं किया, क्योंकि क्षेत्र में पहले से कई संस्थाएं काम कर रही थीं। इसके बावजूद लखी और उनकी टीम ने हिम्मत नहीं हारी।
उन्होंने घर-घर जाकर अभिभावकों से शिक्षा के महत्व पर बात की और बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने का प्रयास शुरू किया। शाम के समय बच्चों के लिए विशेष कक्षाएं शुरू की गईं, जहां खेल, गतिविधियां, गीत और रचनात्मक तरीकों से पढ़ाई कराई जाने लगी। इससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ने लगी।
49 में से 10 बच्चों का दोबारा स्कूल में नामांकन
लखी और उनकी टीम की मेहनत रंग लाई और 49 स्कूल छोड़ चुके बच्चों में से 10 बच्चों का दोबारा स्कूल में नामांकन कराया गया। यह उनके लिए बड़ी उपलब्धि थी। टीम ने केवल नामांकन तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि लगातार बच्चों से संपर्क बनाए रखा और कक्षाओं का संचालन जारी रखा, ताकि वे नियमित रूप से स्कूल जाते रहें।
अदीर फेलोशिप ने बदली सोच और व्यक्तित्व
इस यात्रा ने केवल समुदाय में बदलाव नहीं लाया, बल्कि लखी के व्यक्तित्व को भी नई दिशा दी। उनमें आत्मविश्वास बढ़ा और नेतृत्व क्षमता विकसित हुई। उन्हें संविधान और उसके सामाजिक प्रभावों को समझने में भी रुचि पैदा हुई। उन्होंने अपने साथियों को अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया और स्वयं भी अपने तथा समुदाय के अधिकारों के लिए आवाज उठाना सीखा।
लखी की टीम के सदस्य भी जिम्मेदार और सक्रिय चेंजमेकर्स के रूप में उभरे। उन्होंने यह महसूस किया कि बदलाव के लिए किसी और का इंतजार करने के बजाय वे खुद पहल कर सकते हैं। अब यह समूह समुदाय की अन्य समस्याओं पर भी काम करना शुरू कर चुका है।
“समाज में बदलाव लाना ही मेरा लक्ष्य”
लखी गोराई “पीपल फॉर चेंज” और “अदीर फेलोशिप प्रोग्राम” को इस अवसर के लिए धन्यवाद देती हैं। उनका कहना है कि वह आगे भी अपने क्षेत्र में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए लगातार काम करती रहेंगी। सीमित संसाधनों के बीच उनका संघर्ष और समर्पण आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।



