Rina Kumari.
विकास केवल बड़ी योजनाओं से नहीं, बल्कि छोटे-छोटे जमीनी प्रयासों से संभव होता है। एक दस्तावेज़, जो अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है, वही किसी व्यक्ति के लिए सम्मान और अधिकार का माध्यम बन सकता है। Campus Boom की विशेष श्रृंखला Change Maker of Society के इस कड़ी में आज पढ़े सदफ़ और उनकी टीम की कहानी जिनके प्रयास न सिर्फ लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ रहा है, बल्कि समाज में भरोसा और आत्मविश्वास भी जगा रहा है।
काशीडीह क्षेत्र में बुनियादी दस्तावेज़ों की कमी के कारण सरकारी योजनाओं से वंचित रह रहे लोगों के लिए अब उम्मीद की नई किरण जगी है। ADIR फेलोशिप के तहत युवा फेलो सदफ़ ने जमीनी स्तर पर काम करते हुए डॉक्यूमेंटेशन सपोर्ट और जागरूकता अभियान चलाया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
सदफ़ ने बताया कि उनके कार्यक्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे लोग थे, जिन्हें स्वास्थ्य सेवाओं, सरकारी योजनाओं और पहचान से जुड़े अधिकारों तक पहुंच बनाने में कठिनाई हो रही थी। कई मामलों में केवल एक छोटे से दस्तावेज़ की कमी या उसमें त्रुटि के कारण लोग बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर थे।
इसी समस्या को देखते हुए काशीडीह में नियमित कैंप लगाए गए। इन कैंपों के माध्यम से एक ही दिन में 80 मैय्या सम्मान योजना के फॉर्म भरे गए, 20 आधार अपडेट किए गए और कुल 319 ABHA कार्ड बनाए गए। खास बात यह रही कि सभी लाभार्थियों को उनके कार्ड प्रिंट कर उपलब्ध कराए गए, जिससे वे वास्तव में सेवाओं का लाभ उठा सकें।
हालांकि यह कार्य आसान नहीं था। कई बार अधूरे दस्तावेज़, अत्यधिक भीड़ और लोगों के बीच भरोसे की कमी जैसी चुनौतियां सामने आईं। बावजूद इसके टीम ने धैर्य और निरंतर प्रयास के साथ काम जारी रखा।
इस पहल की एक खास उपलब्धि स्थानीय “चेंजमेकर्स” का उभरना रहा। समुदाय की ही सदस्य पालक, जो शुरुआत में संकोच में थीं, आज लोगों की मदद करने और उन्हें जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। इससे यह स्पष्ट हुआ कि जब समुदाय खुद आगे बढ़ता है, तभी स्थायी बदलाव संभव होता है।
सदफ़ का मानना है कि किसी भी व्यक्ति को केवल जानकारी या दस्तावेज़ के अभाव में अपने अधिकारों से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में और अधिक कैंप आयोजित कर एक मजबूत चेंजमेकर्स नेटवर्क तैयार किया जाएगा, ताकि यह पहल निरंतर जारी रह सके।
इस पहल ने न केवल लोगों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनने की दिशा में भी प्रेरित किया है।


