Campus Boom.
समाज में बदलाव हमेशा बड़े मंचों या बड़ी हस्तियों से नहीं, बल्कि आम लोगों के छोटे-छोटे प्रयासों से शुरू होता है। “Change Maker of Society” श्रृंखला ऐसे ही प्रेरणादायक युवाओं और नागरिकों की कहानियों को सामने लाने का एक प्रयास है, जो अपने जुनून, सेवा भावना और निरंतर प्रयास से अपने आसपास सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। ये वे लोग हैं, जो समस्याओं को केवल देखते नहीं, बल्कि उन्हें समझकर समाधान की दिशा में कदम बढ़ाते हैं और समाज को एक नई दिशा देने का काम करते हैं। आज की कड़ी में पढ़े मुस्कान की कहानी, जिसने खुल कर बात करने वाले विषय पर व्याप्त चुप्पी को तोड़ने की पहल की है।
समाज में कई ऐसे विषय हैं, जिन पर आज भी खुलकर बात नहीं होती। माहवारी (Menstruation) भी उन्हीं में से एक है, जिसे अक्सर चुप्पी और झिझक के दायरे में रखा जाता है। लेकिन इसी खामोशी को तोड़ने का साहस दिखाया है मुस्कान ने, जो People For Change के साथ मिलकर menstrual hygiene awareness पर काम कर रही हैं।
खामोशी से सवालों तक का सफर
मुस्कान बताती हैं कि जब वे स्कूलों में सेशन शुरू करती थीं, तो शुरुआत में माहौल बेहद शांत और असहज होता था। छात्र-छात्राएं खुलकर बात करने से हिचकते थे। लेकिन जैसे-जैसे चर्चा आगे बढ़ती, वही खामोशी सवालों में बदल जाती और बच्चे खुलकर अपनी जिज्ञासाएं रखने लगते।
समुदाय में मिथकों से मुकाबला
स्कूलों के साथ-साथ मुस्कान ने समुदाय में भी काम किया, जहाँ माहवारी को लेकर कई तरह के मिथक और झिझक देखने को मिलती है।
हालांकि, लगातार संवाद और भरोसा बनाने के बाद लोगों की सोच में बदलाव आने लगा और वे इस विषय को समझने के लिए आगे बढ़ने लगे।
छोटे अनुभव, बड़ा असर
मुस्कान के काम का असर लोगों की सोच में साफ दिखाई देता है।
एक छात्रा ने कहा, “अब मुझे डर नहीं लगता।”वहीं एक महिला ने साझा किया, “अब समझ आया कि hygiene कितना जरूरी है।”
सैकड़ों लोगों तक पहुंच
– मुस्कान के इस अभियान के तहत:
– 280 से ज्यादा लोगों तक जागरूकता पहुंची
– 190 लोगों को सीधा लाभ मिला
यह आंकड़े केवल संख्या नहीं, बल्कि समाज में बढ़ती जागरूकता, आत्मविश्वास और सकारात्मक बदलाव की कहानी बयां करते हैं।
एक मजबूत संदेश
मुस्कान का मानना है कि माहवारी कोई शर्म का विषय नहीं, बल्कि एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिस पर खुलकर बात करना जरूरी है।
वे कहती हैं,
“Silence तोड़ना ही सबसे बड़ा change है… Periods शर्म नहीं है, awareness ही power है।”
फैक्ट फाइल:
नाम: मुस्कान
कार्य: Menstrual Hygiene Awareness
संबद्धता: People For Change
कार्य क्षेत्र: स्कूल एवं समुदाय
उपलब्धि: 280 से ज्यादा लोगों तक पहुंच, 190 को सीधे लाभ


