Anisha Srivastava.
पूर्वी सिंहभूम जिले के खाकरीपाड़ा पंचायत के 20 वर्षीय युवा रोहित पूर्ति आज अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा और जागरूकता की नई मिसाल बन रहे हैं। इंटर तक शिक्षित रोहित ने ADIR फेलोशिप से जुड़ने के बाद समाज में बदलाव लाने का संकल्प लिया और वयस्क साक्षरता अभियान की शुरुआत की। उनका यह प्रयास अब गांव की महिलाओं और ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है। Campus Boom की विशेष श्रृंखला Change Maker of Society के इस कड़ी में पढ़े शिक्षा की अलख जगा रहे रोहित के प्रयास की कहानी।
शिक्षा को बनाया बदलाव का माध्यम
रोहित बताते हैं कि अधीर फेलोशिप से जुड़ने के बाद उनकी सोच को सही दिशा मिली। उन्होंने महसूस किया कि शिक्षा ही समाज में बदलाव का सबसे मजबूत माध्यम है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने समुदाय में वयस्क साक्षरता सत्र शुरू किया, जहां महिलाओं और बुजुर्गों को पढ़ना-लिखना सिखाया जा रहा है। उनका मानना है कि जब बड़े लोग शिक्षित होते हैं तो वे अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनते हैं तथा समाज में फैली अंधविश्वास और गलत धारणाओं से बाहर निकल पाते हैं।
जनप्रतिनिधियों का भी मिल रहा साथ
रोहित के इस अभियान में गांव के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों का भी सहयोग मिल रहा है। पंचायत के वार्ड सदस्य ने महिलाओं के लिए पढ़ाई की जगह उपलब्ध कराई, जिससे साक्षरता केंद्र नियमित रूप से संचालित हो पा रहा है। रोहित कहते हैं कि यह सहयोग उन्हें लगातार आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए प्रेरित करता है।
महिलाओं में बढ़ रहा आत्मविश्वास
उनके प्रयासों का सबसे बड़ा असर महिलाओं में देखने को मिल रहा है। गांव की महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अब अपने फैसले खुद लेने लगी हैं। कई महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर छोटे व्यवसाय भी शुरू कर रही हैं। रोहित ने एक महिला “सीता” की कहानी साझा करते हुए बताया कि कम उम्र में शादी और घरेलू जिम्मेदारियों के कारण उसकी जिंदगी सीमित हो गई थी। लेकिन साक्षरता कार्यक्रम से जुड़ने के बाद उसने पढ़ना-लिखना सीखा और अब वह अपने बच्चों की पढ़ाई में मदद करने के साथ-साथ स्वयं सहायता समूह के माध्यम से खाद्य सामग्री का व्यवसाय भी कर रही है।
चुनौतियों के बावजूद नहीं मानी हार
हालांकि यह राह आसान नहीं रही। रोहित को गांव में लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। शुरुआत में कई लोग महिलाओं की पढ़ाई के खिलाफ थे और कक्षाओं में उनकी उपस्थिति भी कम रहती थी। इसके बावजूद रोहित ने हार नहीं मानी और लगातार घर-घर जाकर लोगों को समझाया।
200 से अधिक लोगों तक पहुंचा अभियान
आज उनके अभियान से 200 से अधिक लोग जुड़ चुके हैं, जबकि लगभग 100 लोगों को इसका सीधा लाभ मिला है। रोहित का कहना है कि यह आंकड़ा केवल संख्या नहीं, बल्कि समाज में बढ़ती जागरूकता, आत्मविश्वास और सकारात्मक बदलाव की कहानी है। उनका सपना है कि आने वाले समय में उनके पंचायत का हर व्यक्ति शिक्षित और जागरूक बने।


