Campus Boom.
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज की ओर से आयोजित तीन दिवसीय (29–31 जनवरी) 48वें इनवायरमेंटल म्यूटाजेन सोसाइटी ऑफ इंडिया (EMSI) की वार्षिक बैठक व अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के दूसरे दिन प्लास्टिक और माइक्रोप्लास्टिक की गंभीर समस्या, उसके समाधान और नए शोध विषय पर गहन चर्चा की गई। इस दौरान सीएसआईआर–आईआईटीआर, लखनऊ के वैज्ञानिक डॉ. विकास श्रीवास्तव ने अपने विचार रखते हुए प्लास्टिक प्रदूषण को वैश्विक चुनौती बताया।
डॉ. विकास श्रीवास्तव ने कहा कि प्लास्टिक और माइक्रोप्लास्टिक आज केवल पर्यावरण ही नहीं, बल्कि मानव स्वास्थ्य, जल स्रोतों और खाद्य श्रृंखला के लिए भी गंभीर खतरा बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि माइक्रोप्लास्टिक अब हवा, पानी और मिट्टी के साथ-साथ मानव शरीर तक पहुँच चुका है, जिसके दीर्घकालिक प्रभाव बेहद चिंताजनक हैं।
सेमिनार के दौरान कैंपस बूम के संवाददाता के सवाल के जवाब में डॉ. श्रीवास्तव ने प्लास्टिक और पॉलीथिन को तोड़ने में सक्षम पाए गए कीड़ों और बैक्टीरिया पर चल रहे शोध की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैक्स वर्म, मीलवर्म और सुपरवर्म जैसे कीड़ों में ऐसे विशेष गट बैक्टीरिया और एंज़ाइम पाए गए हैं, जो प्लास्टिक के जटिल अणुओं को तोड़ने की क्षमता रखते हैं।
“ये कीड़े प्लास्टिक को सामान्य भोजन की तरह नहीं पचाते, बल्कि उनके शरीर में मौजूद बैक्टीरिया प्लास्टिक को छोटे और कम हानिकारक अणुओं में बदल देते हैं। यही प्रक्रिया भविष्य में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की दिशा बदल सकती है।”
डॉ विकास श्रीवास्तव, सीएसआईआर–आईआईटीआर, लखनऊ
उन्होंने स्पष्ट किया कि वैज्ञानिकों का लक्ष्य इन कीड़ों को सीधे पर्यावरण में छोड़ना नहीं है, बल्कि उनमें मौजूद एंज़ाइम और सूक्ष्मजीवों की पहचान कर उनका नियंत्रित और सुरक्षित उपयोग करना है, ताकि प्लास्टिक कचरे का पर्यावरण-अनुकूल निपटान संभव हो सके।
सेमिनार में देश-विदेश से आए वैज्ञानिकों, शोधार्थियों और शिक्षाविदों ने भी प्लास्टिक प्रदूषण, माइक्रोप्लास्टिक के स्वास्थ्य प्रभाव और जैविक समाधान पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में यह सहमति बनी कि प्लास्टिक संकट से निपटने के लिए वैज्ञानिक शोध, नीति और जनजागरूकता—तीनों को साथ लेकर चलना होगा।


