Campus Boom.
जमशेदपुर। न्यू बारीडीह पार्क महिला समिति की ओर से शनिवार को साकची स्थित यशवी इंटरनेशनल होटल में सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। हरे परिधानों में सजी महिलाओं ने सावन के उल्लास और उमंग के बीच गीत-संगीत, नृत्य एवं विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भजन और गीतों पर महिलाओं ने किया नृत्य
कार्यक्रम की शुरुआत परिचय सत्र से हुई। इसके बाद भजन एवं फिल्मी गीतों पर महिलाओं ने नृत्य प्रस्तुत किया। चुटकुलों और कविताओं की जुगलबंदी ने कार्यक्रम में हंसी-खुशी का माहौल बना दिया। फन गेम्स और डांस प्रतियोगिता में भी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा
महोत्सव के दौरान ‘समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका’ विषय पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि परिवार की खुशहाली और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से परिवार के साथ-साथ समाज में भी सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
पारंपरिक संस्कृति और मनोरंजन का संगम
सावन महोत्सव में पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक मनोरंजन का सुंदर संगम देखने को मिला। गीत-संगीत और नृत्य के बाद महिलाओं के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान आपसी स्नेह, सौहार्द और उत्साह का माहौल बना रहा।
करीब 50 महिलाओं ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम की संचालिका बिना तिवारी के साथ मंजू, विभा, अमृता, पूनम, प्रभा, कल्पना, सरोज, रीना, अनामिका, राधा, रंजू, स्मिता, प्रतिमा, अनु समेत करीब 50 महिलाओं ने हिस्सा लिया। महिला समिति की सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।


