Campus Boom.
ए.बी.एम. कॉलेज, गोलमुरी में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रिया गुप्ता ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य पर भी प्रतिकूल असर डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और परिवार के सदस्यों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर हेमंत भाई, अशोक भाई एवं माधवी बहन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए कहा कि विकसित और सशक्त भारत के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा में संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. जे. पी. नारायण, डॉ. मनोज कुमार साव, डॉ. अनुभा जायसवाल एवं डॉ. ज्ञानती कुमारी प्रसाद सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।


