जेवियर स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, पोस्टर मेकिंग और फैशन शो के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गम्हरिया। गम्हरिया स्थित जेवियर स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, चित्रांकन, पोस्टर मेकिंग तथा बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के तहत जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया और पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार आकर्षक चित्रों और पोस्टरों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ और प्रदूषण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।
विद्यालय के कक्षा छह के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की थीम पर आधारित विशेष फैशन शो प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों एवं अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर सेबेस्टियन एस.जे. ने कहा कि पृथ्वी पर जीवन को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव को कम किया जा सकता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या सिस्टर निवेदिता, सिस्टर दीपिका, शिक्षिका इंदु रानी दास, फरहीन अख्तर, निवेदिता महतो तथा रौनक श्रीवास्तव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समारोह के अंत में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।


