Campus Boom.
मोबाइल की बढ़ती लत और उसके युवाओं पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को लेकर दयावती मोदी पब्लिक स्कूल, उमेश नगर, हुमिद, चांडिल के विद्यार्थियों ने जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्रों ने विभिन्न गांवों में नुक्कड़ नाटक का मंचन कर लोगों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत किया।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने चिलगु, टिकर, आदरडीह, कुकड़ू, रघुनाथपुर और चालियामा गांवों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए और छात्रों के संदेश को ध्यानपूर्वक सुना।
नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय करते हुए बताया कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग युवाओं की पढ़ाई, स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन पर नकारात्मक असर डाल रहा है। कलाकारों ने यह भी दर्शाया कि मोबाइल की लत के कारण युवा अपने परिवार और समाज से दूर होते जा रहे हैं तथा उनका बहुमूल्य समय व्यर्थ हो रहा है।
विद्यार्थियों के सशक्त अभिनय और संवादों ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने छात्रों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज के लिए बेहद उपयोगी हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सम्पा बनर्जी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता फैलाना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियाँ बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं।

