Campus Boom.
जमशेदपुर। मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का डर दिखाकर साइबर ठगी करने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने मतदाताओं को सतर्क रहने की अपील की है। इन दिनों कुछ लोगों को ई-मेल, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से ‘Your name has been removed from the draft voter list’ यानी ‘आपका नाम प्रारूप मतदाता सूची से हटा दिया गया है’ जैसे संदेश भेजे जा रहे हैं। संदेश के साथ संदिग्ध लिंक भी साझा किए जा रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक नहीं करें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिला निर्वाचन शाखा अथवा राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से इस तरह का कोई संदेश नहीं भेजा जा रहा है। ऐसे संदेश साइबर अपराधियों की ओर से लोगों को भ्रमित कर उनकी निजी एवं संवेदनशील जानकारी हासिल करने या आर्थिक ठगी करने के उद्देश्य से भेजे जा सकते हैं।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि इस तरह के संदेशों को आधिकारिक सूचना मानकर घबराएं नहीं। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या उसके माध्यम से अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक विवरण, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची में अपने नाम की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा संबंधित निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) के कार्यालय से ही संपर्क करें। नागरिक केवल अधिकृत सरकारी माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करें।
उन्होंने लोगों से संदिग्ध संदेशों को आगे प्रसारित नहीं करने तथा परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी के इस तरीके के प्रति जागरूक करने की अपील की। प्रशासन के अनुसार, सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का प्रभावी उपाय है।


