K. Durga Rao.
कांड्रा। पदमपुर (बालीडीह) की धरती पर फुटबॉल का रोमांच उस समय चरम पर पहुंच गया, जब डिबा-किशुन मेमोरियल क्लब की ओर से आयोजित भव्य फुटबॉल टूर्नामेंट का शानदार समापन हुआ। 48 टीमों के बीच हुए जोरदार मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया, वहीं बड़ी संख्या में जुटे दर्शकों ने पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में एएसएएम राहरगोड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में एएसएएम राहरगोड़ा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। खिताबी जीत के बाद टीम के खिलाड़ियों और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
विजेता को 1.20 लाख, उपविजेता को 80 हजार
विजेता एएसएएम राहरगोड़ा को 1.20 लाख रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता शिवांश स्पोर्टिंग को 80 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। रघुनाथ एफसी तीसरे और बाबा इलेवन चौथे स्थान पर रहे। दोनों टीमों को 40-40 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
वहीं शुभम स्पोर्टिंग पदमपुर, एएए हरिहरपुर, सीतारामपुर एफसी और किस्कू स्पोर्टिंग चांडिल को पांचवें से आठवें स्थान तक रहने पर 20-20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन को भी मिला सम्मान
प्रतियोगिता में टीमों के प्रदर्शन के साथ खिलाड़ियों की व्यक्तिगत प्रतिभा को भी सम्मानित किया गया। मैन ऑफ द मैच, सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और सर्वश्रेष्ठ अनुशासित टीम समेत विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।
यूनिक स्पोर्ट्स वियर के संचालक नीरज सिंह की ओर से प्रत्येक मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यूनिक स्पोर्ट्स वियर के कांड्रा और चांडिल में दो काउंटर संचालित हैं।
मैदान पर पहुंचे कपिल देव, खिलाड़ियों का बढ़ा उत्साह
टूर्नामेंट के समापन समारोह का सबसे खास आकर्षण भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एवं दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव की मौजूदगी रही। कपिल देव के मैदान में पहुंचते ही खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह दोगुना हो गया। क्लब अध्यक्ष कृष्णा बास्के ने बुके भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कपिल देव के साथ मॉडर्न पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड के निदेशक महेश अग्रवाल, घनेश्याम अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, निर्मल अग्रवाल तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण मिश्रा भी मौजूद रहे। क्लब सदस्यों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना : कपिल देव
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कपिल देव ने कहा कि खेल में जीत और हार से ज्यादा महत्वपूर्ण अनुशासन, मेहनत और खेल भावना है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करने और अपने खेल को लगातार बेहतर बनाने की अपील की।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना उद्देश्य : कृष्णा बास्के
क्लब अध्यक्ष कृष्णा बास्के ने कहा कि डिबा-किशुन मेमोरियल क्लब का उद्देश्य केवल फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर देना है। 48 टीमों की भागीदारी से स्पष्ट है कि क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति युवाओं का जुनून लगातार बढ़ रहा है। क्लब भविष्य में भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए बड़े आयोजन करता रहेगा।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कांड्रा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार मुर्मू तथा रापचा पंचायत की मुखिया सुकमति मार्डी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा विजेता समेत विभिन्न टीमों को पुरस्कार प्रदान किए।
पूरे टूर्नामेंट का सफल संचालन उद्घोषक सिकंदर सोरेन, लूना हांसदा और संतोष टुडू ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में क्लब अध्यक्ष कृष्णा बास्के, सचिव दिकू किस्कू, सह सचिव इन्द्रो मुर्मू, कोषाध्यक्ष बीरधान बास्के, खेलाराम हेंब्रम, गौतम महतो, राजेश भगत, लाल बाबू महतो, रविंद्र हांसदा समेत क्लब के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समापन समारोह में गोपाल महतो, रामदास टुडू, सोनाराम मार्डी, राम महतो, पवन हांसदा, भादो टुडू, गोरखा हांसदा, उदय मार्डी और होनी सिंह मुंडा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और खेल प्रेमी मौजूद रहे।



