Campus Boom.
सोशल मीडिया को अक्सर पढ़ाई का सबसे बड़ा दुश्मन माना जाता है। माता-पिता बच्चों को मोबाइल, इंस्टाग्राम और रील्स से दूर रहने की सलाह देते हैं, ताकि उनका ध्यान सिर्फ किताबों पर रहे। लेकिन अनुष्का ठाकुर ने इस सोच को अपनी मेहनत, अनुशासन और समय प्रबंधन से बदलकर रख दिया है।
जमशेदपुर टेल्को की रहने वाली अनुष्का ने यह साबित कर दिया कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और संतुलन बनाना आता हो, तो सोशल मीडिया और पढ़ाई दोनों साथ-साथ चल सकते हैं। सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में आर्ट्स स्ट्रीम से 95 प्रतिशत अंक हासिल कर उन्होंने न सिर्फ शैक्षणिक सफलता पाई, बल्कि हजारों युवाओं के लिए नई प्रेरणा भी बन गई हैं। अनुष्का का बचपन गोविंदपुर में बीता है। विग इंग्लिश स्कूल में पढ़ते हुए अनुष्का ने एक्स्ट्रा करिकुलम में खूब बढ़ चढ़ के हिस्सा लेती थी और पुरस्कार भी अपने नाम के सब का ध्यान अपनी ओर खिंचने पर शुरू से आगे रही।
करोड़ों में फॉलोअर्स, मनोरंजन के साथ मजबूत कंटेंट
विद्या भारती चिन्मया विद्यालय, टेल्को की छात्रा अनुष्का सोशल मीडिया पर “oyee_anushka” नाम से काफी लोकप्रिय हैं। उनके 54 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स और उनकी रील्स पर मिलियंस में व्यूज आते हैं। खास बात यह है कि उन्होंने सोशल मीडिया को सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं बनाया, बल्कि अपनी पहचान और आत्मविश्वास का हिस्सा बनाया।
पढ़ाई के साथ बनाया तालमेल
अनुष्का बताती हैं कि शुरुआत में पढ़ाई और सोशल मीडिया के बीच तालमेल बैठाना आसान नहीं था। कई बार लोगों ने कहा कि रील्स और वीडियो बनाने से पढ़ाई प्रभावित होगी, लेकिन उन्होंने खुद पर भरोसा बनाए रखा। उन्होंने समय को इस तरह बांटा कि पढ़ाई भी प्रभावित न हो और उनका कंटेंट क्रिएशन का शौक भी जारी रहे।
अंकों से आगे की सफलता

उनकी सफलता सिर्फ अंकों तक सीमित नहीं है। उन्होंने अपने परिवार का विश्वास भी जीता। उनके पिता राजेश ठाकुर Tata Motors में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां निशा ठाकुर ने हर कदम पर बेटी का साथ दिया। इतिहास में स्नातकोत्तर, बी. एड होने के बावजूद उन्होंने कहीं नौकरी नहीं की बल्कि अपना जीवन बेटी को समर्पित कर दिया। यहां तक कि उनके सोशल मीडिया वीडियो शूट करने में भी माता-पिता पूरा सहयोग करते हैं। यह भरोसा और समर्थन ही अनुष्का की सबसे बड़ी ताकत बना।
अनुष्का के शानदार अंकों में इंग्लिश में 98, पॉलिटिकल साइंस में 99, हिस्ट्री में 94, साइकोलॉजी में 91 और फिजिकल एजुकेशन में 92 अंक शामिल हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें डांस, थिएटर, डिबेट और योग में भी रुचि है। वह योग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।
वीडियो के जरिये परिवार के महत्व का संदेश
सोशल मीडिया पर उनका सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट तब आया, जब उन्होंने अपने नाना-नानी के साथ देसी और रिलेटेबल वीडियो बनाना शुरू किया। लोगों को उनका पारिवारिक अंदाज इतना पसंद आया कि उनकी वीडियो तेजी से वायरल होने लगीं और लाखों लोग उनसे जुड़ते चले गए।
अनुष्का कहती है कि आज के समय में दो पीढ़ी के बीच दूरी बढ़ रही है। हमारी पीढ़ी कहती है कि परिवार माता पिता उन्हें समझते नहीं है, लेकिन मैं इस मिथ्या को अपने वीडियो के माध्यम से तोड़ना चाहती हूं कि हमें भी बड़ो को समझना होगा।
बनना चाहती है लॉ प्रोफेशनल, थिएटर का है सौख
आगे चलकर अनुष्का Symbiosis Law School Noida से लॉ की पढ़ाई करेगी। साथ ही उनका सपना नेशनल स्कूल ऑफ़ ड्रामा में थिएटर सीखने का भी है।
सोशल मीडिया में भटक रही युवा पीढ़ी की प्रेरणा है अनुष्का
अनुष्का की कहानी आज के युवाओं के लिए एक मजबूत संदेश है कि सोशल मीडिया तभी नुकसान बनता है, जब उसका इस्तेमाल बिना दिशा के हो। अगर समय प्रबंधन, अनुशासन और आत्मविश्वास हो, तो वही सोशल मीडिया पहचान, अवसर और प्रेरणा का माध्यम भी बन सकता है। पढ़ाई और पैशन के बीच संतुलन बनाकर अनुष्का ने एक नया उदाहरण पेश किया है, जो आने वाली पीढ़ी को नई सोच देगा।


