Campus Boom.
सिंहभूम जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन भवन के प्रयाग कक्ष में सोमवार को भोजपुरी पत्रिका ‘अँगना’ के “बियाह के नेगचार” विशेषांक का भव्य लोकार्पण पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ। मातृभाषा भोजपुरी की इस आकर्षक पत्रिका का संपादन डॉ. संध्या सिंह सूफ़ी ने किया है, जिसमें 15 रचनाकारों ने विवाह के विभिन्न नेगचार पर अपनी रचनाएं प्रस्तुत की हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ अजय कुमार ओझा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अनिरुद्ध त्रिपाठी ‘अशेष’ एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ भारती कुमारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीणा पांडे ‘भारती’ ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं छाया प्रसाद द्वारा सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद डॉ. संध्या सिंह सूफ़ी ने स्वागत वक्तव्य देते हुए पत्रिका की परिकल्पना और उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
लोकार्पण के पश्चात पत्रिका में शामिल रचनाकारों ने अपने-अपने नेगचार आधारित गीतों और रचनाओं की प्रस्तुति दी, जिसने पूरे वातावरण को पारंपरिक रंग में रंग दिया। सभी रचनाकारों को स्नेह प्रतीक ‘खोईचा’ भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ अनिरुद्ध त्रिपाठी ‘अशेष’ ने अपने संबोधन में विवाह की रस्मों और नेग विधियों के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, विशिष्ट अतिथि डॉ. भारती कुमारी ने इन परंपराओं के सामाजिक पक्ष को रेखांकित करते हुए इनके संरक्षण की आवश्यकता बताई।
अंत में अध्यक्षीय भाषण में डॉ अजय कुमार ओझा ने कार्यक्रम की विशिष्टता को रेखांकित किया। कार्यक्रम का समापन शकुंतला शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


