Campus Boom.
बहुभाषीय साहित्यिक संस्था ‘सहयोग’ एवं ‘विद्यादीप फाउंडेशन’ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार की शाम कदमा स्थित कूड़ी मोहन्ती ऑडिटोरियम में ‘वीणा रानी पवन स्मृति सम्मान समारोह’ का गरिमामय आयोजन किया गया। साहित्य, संगीत, नृत्य और रंगमंच के समन्वय से सजे इस समारोह में समाज, शिक्षा, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अनेक विभूतियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से दिवंगत शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ. वीणा रानी की स्मृतियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा मां सरस्वती एवं ‘अम्मा’ के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद डॉ. पद्मा झा ने सहयोग गीत की मधुर प्रस्तुति देकर समारोह को सांगीतिक ऊंचाई प्रदान की।
डी.बी.एम.एस. कॉलेज फॉर एजुकेशन की ओर से पामेला घोष दत्ता के निर्देशन में सुमेधा दत्ता, तृषा सरकार, आकांक्षा दास, मौमिता चक्रवर्ती, सुप्रीति दास और अन्वेषा महतो ने ‘पंचतत्व’ विषय पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं उपासना सिन्हा की सरस्वती वंदना ने पूरे सभागार को आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया।
संस्था की अध्यक्ष डॉ. संध्या सिन्हा ने स्वागत भाषण देते हुए संस्था की गतिविधियों एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। डॉ. वीणा रानी की शिष्या डॉ. अनिता राकेश ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और साहित्यिक योगदान को याद करते हुए भावपूर्ण संस्मरण साझा किए।
इस अवसर पर विभिन्न सम्मान भी प्रदान किए गए। ‘सहयोग निधि सम्मान’ डॉ. अनिता राकेश एवं संस्था की सचिव डॉ. भारती कुमारी द्वारा प्रदान किया गया। विशिष्ट अतिथि डॉ. मीरा मुंडा ने अपने संबोधन में साहित्य और संस्कृति के संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समाज की सांस्कृतिक चेतना को जीवित रखने में साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके संबोधन के उपरांत ‘साहित्य सृजन सम्मान’ प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि एवं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि “साहित्य और कला ही समाज की संवेदनशील चेतना को जीवित रखने का सबसे सशक्त माध्यम हैं।” समारोह में ‘वैदुष्यमणि डॉ. वीणा रानी सम्मान’ तथा ‘डॉ. वीणा रानी प्रभा सम्मान’ भी प्रदान किए गए।
समारोह का सबसे आकर्षक हिस्सा सांस्कृतिक प्रस्तुति रही, जिसमें जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की छात्राओं ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की कालजयी कृति ‘उर्वशी’ के एक अंश पर आधारित भव्य नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
इस प्रस्तुति का परिचय एवं पटकथा डॉ. रागिनी भूषण ने तैयार की, संगीत मसूर सिद्दीकी, नाट्य निर्देशन अवतार सिंह तथा नृत्य निर्देशन सुधा दीप ने किया। मुख्य भूमिकाओं में निवेदिता महापात्र (उर्वशी), शिवम कुमार सिंह (राजा पुरुरवा), अदिति झा (चित्रलेखा) और अर्पिता डे (रानी औशिनरी) ने प्रभावशाली अभिनय किया। सहयोगी कलाकारों में श्रुति शर्मा, आराध्या चंद्र, समरजीत गुप्ता सहित अप्सराओं की भूमिका में सिमरन झा, चिनापानी तम्मना रेड्डी, मानविका कीर्तिश्री, अनुष्का गुप्ता, परिधि पंडित, आद्या झा, परी महतो और अन्वेषा महतो ने भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह के अंत में मुख्य अतिथि सरयू राय, विशिष्ट अतिथि डॉ. मीरा मुंडा, डॉ. अनिता राकेश एवं परिजात सौरभ ने सभी कलाकारों, निर्देशकों एवं सहयोगियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। संस्था की सचिव डॉ. भारती कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।


