K. Durga Rao, Campus Boom.
सावन के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को श्री नीलकंठ महादेव संघ के तत्वावधान में एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में भव्य भजन संध्या एवं 10वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी शुक्रवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संघ के अरविन्द कुमार और पंकज कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम शाम 6:30 बजे भजन संध्या से शुरू होगा। इसमें चंडीगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक दीपक लख्खा तथा बिहार के भोजपुर की सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्नेहा सिंह राजपूत भगवान शिव की महिमा का गुणगान करेंगी। इसके बाद रात 8 बजे विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
आयोजन का मुख्य आकर्षण आठ फीट ऊंचा बर्फ से निर्मित शिवलिंग होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है तथा कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। बैठने की व्यवस्था ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी।
आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन लगातार दसवें वर्ष किया जा रहा है। इसका उद्देश्य भगवान शिव की आराधना के साथ समाज में आध्यात्मिक चेतना, सेवा और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने शहर एवं आसपास के श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर भजन संध्या का आनंद लेने और महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की।
प्रेस वार्ता में बालकृष्ण प्रसाद, अजीत कुमार, रविशंकर सिंह, विकास कुमार, रणवीर मंडल, मुनीम सिंह सहित श्री नीलकंठ महादेव संघ के कई सदस्य उपस्थित थे।


