Campus Boom.
सिंहभूम जिला भोजपुरी साहित्य परिषद् के तत्वावधान में बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में 18 एवं 19 अप्रैल को 9वें भोजपुरी नाट्य महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में दिल्ली की प्रसिद्ध नाट्य संस्था “रंगश्री” अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भोजपुरी भाषा, संस्कृति और नाट्य परंपरा की समृद्धि का प्रदर्शन करेगी।
महोत्सव में भाग लेने के लिए रंगश्री की छह सदस्यीय टीम 17 अप्रैल की संध्या जमशेदपुर पहुंच चुकी है। यह टीम पूर्व में भी अपने प्रभावशाली नाटकों के मंचन से शहरवासियों के बीच चर्चा का विषय रही है।
दो दिवसीय इस महोत्सव में सामाजिक, समसामयिक और हास्य-व्यंग्य से परिपूर्ण नाटकों का मंचन किया जाएगा। पहले दिन 18 अप्रैल को संध्या 6:00 बजे व्यंग्यकार अरविंद विद्रोही लिखित तथा महेंद्र प्रसाद सिंह निर्देशित नाटक ‘यमलोक में करप्शन’ का मंचन होगा। इसके बाद संध्या 7:00 बजे महेंद्र प्रसाद सिंह द्वारा लिखित एवं निर्देशित नाटक ‘माइंडसेट’ प्रस्तुत किया जाएगा।
दूसरे दिन 19 अप्रैल को कार्यक्रम की शुरुआत संध्या 5:00 बजे ‘शनि के साढ़ेसाती’ नाटक से होगी। इसके उपरांत नाट्य एवं मंच चौपाल द्वारा अनीता सिंह के निर्देशन में ‘अमन के रखवार’ का मंचन किया जाएगा। वहीं, समापन प्रस्तुति के रूप में अरविंद विद्रोही लिखित और महेंद्र प्रसाद सिंह निर्देशित नाटक ‘कब्रिस्तान के उद्घाटन’ का मंचन किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने के लिए सिंहभूम जिला भोजपुरी साहित्य परिषद् की पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है। परिषद् की ओर से भोजपुरी प्रेमियों, रंगकर्मियों एवं विभिन्न संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।


