Campus Boom.
ग्रेजुएट कॉलेज में शनिवार को भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम्, ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उपस्थित शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं छात्राओं ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
अपने संबोधन में प्राचार्या डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को स्मरण करते हुए छात्राओं को स्वतंत्रता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी हमें लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद मिली है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।
छात्राओं की प्रस्तुतियों ने जीता दिल
समारोह के दौरान छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों, मनमोहक नृत्य एवं हृदयस्पर्शी देशभक्ति नाटक के माध्यम से छात्राओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया और उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन राजकुमारी प्रिया एवं रश्मि ने किया। सांस्कृतिक समिति के सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता और सहयोग से समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कॉलेज के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना देखने को मिली।




