Campus Boom.
जमशेदपुर। सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर की ओर से जिज्ञासा कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, टाटानगर के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा आठवीं के कुल 74 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 44 छात्राएं और 30 छात्र शामिल थे। विद्यार्थियों के साथ चार शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उन्हें वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीक और नवाचार की दुनिया से परिचित कराना था। कार्यक्रम की शुरुआत फिट इंडिया फ्रीडम रन 2026 से हुई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान शारीरिक फिटनेस, स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली के महत्व का संदेश दिया गया।
इसके बाद सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने उद्घाटन संबोधन किया। उन्होंने दैनिक जीवन में खनिजों, धातुओं और विभिन्न पदार्थों की उपयोगिता बताते हुए उनके निष्कर्षण, प्रसंस्करण और उपयोग में धातुकर्म विज्ञान की महत्वपूर्ण भूमिका को समझाया।
इस अवसर पर वैज्ञानिक-जी एवं आईएमडीसी के प्रमुख डॉ. के. गोपाला कृष्णा ने विद्यार्थियों का स्वागत किया और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, वैज्ञानिक-ई डॉ. अनिमेष जाना ने सीएसआईआर-जिज्ञासा कार्यक्रम के उद्देश्यों और इसके तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करने और उन्हें अनुसंधान के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण वैज्ञानिकों के साथ विद्यार्थियों का सीधा संवाद और सीएसआईआर-एनएमएल की विभिन्न अनुसंधान प्रयोगशालाओं एवं सुविधाओं का भ्रमण रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला। डॉ. अनिमेष जाना और डॉ. विनोद बेलवंशी ने डीआईवाई (Do It Yourself) गतिविधियों, वाटर स्प्लिटिंग सहित विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों का प्रदर्शन किया। इसके बाद डॉ. के. गोपाला कृष्णा ने विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भ्रमण के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि कक्षा से बाहर निकलकर वैज्ञानिकों से सीधे संवाद और प्रयोगशालाओं में अनुसंधान की प्रक्रिया देखने से विज्ञान को समझने का व्यावहारिक अनुभव मिला। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं को तलाशने के लिए प्रेरित किया।


