रक्तदाताओं एवं शतकवीर रक्तदाताओं को अंगवस्त्र, मोमेंटो और पुष्पगुच्छ देकर किया गया सम्मानित
Campus Boom.
जमशेदपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भीषण गर्मी के बीच सामाजिक संस्था ‘पुनीत जीवन’ द्वारा जमशेदपुर ब्लड सेंटर में आयोजित 13वें रक्तदान शिविर में महज चार घंटे के भीतर 70 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चले इस संध्याकालीन शिविर का आयोजन प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (टीम पीएसएफ) एवं जमशेदपुर ब्लड सेंटर के सहयोग से किया गया।
गर्मी के मौसम में स्वैच्छिक रक्तदान में आई कमी को देखते हुए जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर से जमशेदपुर ब्लड सेंटर को रक्त भंडारण में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
बेटे की स्मृति को बनाया मानव सेवा का अभियान
‘पुनीत जीवन’ की स्थापना एक मां के संकल्प की प्रेरक कहानी है। संस्था की संचालिका मंजू कुमारी ने अपने दिवंगत पुत्र पुनीत की स्मृति को जीवंत रखने के लिए स्वैच्छिक रक्तदान को माध्यम बनाया। बेटे की याद में शुरू हुई यह पहल आज एक व्यापक सामाजिक अभियान का रूप ले चुकी है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों तक रक्त पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने बढ़ाया रक्तदाताओं का उत्साह
रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए शिविर में डीएसपी सीआईडी सतीश कुमार सिन्हा, पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर यादव, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, समाजसेवी मानिक मल्लिक, जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मल्लिक, बागबेड़ा के उपमुखिया संतोष कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शतकवीर रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर ‘पुनीत जीवन’ द्वारा शहर में रक्तदान के क्षेत्र में मिसाल कायम करने वाले शतकवीर रक्तदाताओं को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित रक्तदाताओं में कुमारेस हाजरा, रविशंकर, मनोरंजन गौड़, उत्तम कुमार गोराई, शुभेंदु मुखर्जी, कमल कुमार घोष, अजीत कुमार भगत एवं अवधेश कुमार वर्मा शामिल थे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंजू कुमारी, उमेश जी, टीम पीएसएफ के स्वयंसेवकों, जमशेदपुर ब्लड सेंटर की टीम तथा अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी मानव सेवा के इस अभियान को जारी रखने का संकल्प दोहराया।



