Campus Boom.
सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल) में शुक्रवार को सीएसआईआर-जिज्ञासा पहल के तहत जेवियर इंग्लिश स्कूल, जमशेदपुर के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय छात्र भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उन्हें अनुसंधान एवं नवाचार के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के 66 विद्यार्थियों और तीन शिक्षकों ने भाग लिया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संस्थान में संचालित विभिन्न अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों की भी जानकारी दी।
आईएमडीसी प्रभाग के अध्यक्ष एवं वैज्ञानिक-जी डॉ. के. गोपाला कृष्ण ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय विकास में सीएसआईआर-एनएमएल की भूमिका और धातुकर्म एवं सामग्री विज्ञान अनुसंधान के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पी. श्रीदा ने सीएसआईआर-जिज्ञासा कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने क्रीप स्टडीज, एडवांस्ड एनालिटिकल कैरेक्टराइजेशन (एएसी), ई-कचरा पुनर्चक्रण तथा मेल्टिंग डेमोंस्ट्रेशन प्रयोगशालाओं का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों, अनुसंधान तकनीकों और सतत प्रौद्योगिकियों की कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर मिला।
समापन पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने कार्यक्रम को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें वैज्ञानिकों के साथ संवाद करने और प्रयोगशाला में होने वाले वास्तविक अनुसंधान कार्यों को करीब से देखने का अवसर मिला।


