Campus Boom.
गोलमुरी स्थित अवर प्रादेशिक नियोजनालय में गुरुवार को आयोजित भर्ती कैंप में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को बड़ा अवसर मिला। कैंप में 350 से अधिक महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से लगभग 50 अभ्यर्थियों को टाटा मोटर्स के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
भर्ती कैंप का आयोजन ई-डिजिटल इंडिया के सहयोग से किया गया, जबकि चयन प्रक्रिया में क्वेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को अब टाटा मोटर्स के टेल्को स्थित मैनेजमेंट ट्रेनिंग सेंटर (एमटीसी) में मेडिकल जांच एवं अंतिम चयन प्रक्रिया के लिए बुलाया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों को निःशुल्क तीन वर्षीय मेकाट्रॉनिक्स डिप्लोमा कराया जाएगा। इस दौरान शैक्षणिक अध्ययन अरका जैन यूनिवर्सिटी में होगा, जबकि औद्योगिक प्रशिक्षण और प्रायोगिक अनुभव टाटा मोटर्स प्लांट में प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 13 हजार रुपये का स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।
कैंप में एयरटेल कंपनी के लिए भी प्रथम चरण में आवेदन लिए गए। अधिकारियों ने बताया कि एयरटेल के लिए चयन प्रक्रिया शीघ्र आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन अवर प्रादेशिक नियोजनालय के सहायक निदेशक अजय कुमार ने किया। उन्होंने युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल का बेहतर प्रदर्शन कर ऐसे अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार, ई-डिजिटल इंडिया के निदेशक रामकृष्ण ठाकुर, क्वेस के प्रतिनिधि सुमित दत्ता सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रोजगार एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस भर्ती कैंप को युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। टाटा मोटर्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में प्रशिक्षण और शिक्षा का अवसर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।


