Campus Boom.
जमशेदपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर की ओर से मंगलवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय, हलूदवनी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय के निर्देश और डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जागरूकता मोबाइल वैन गांव पहुंची।
शिविर में लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सदस्य योगिता कुमारी तथा पीएलवी निताई चंद गोराय, नागेंद्र कुमार, अनिल कुमार और प्रियंका कुमारी मौजूद रहे। टीम ने स्कूली बच्चों को विभिन्न कानूनों, उनके मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी।
बच्चों को बाल अधिकार और सुरक्षा कानूनों की जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम में डालसा के कार्य एवं उद्देश्यों के साथ बाल विवाह, मानव तस्करी, POCSO एक्ट, बाल श्रम, घरेलू हिंसा, नशा उन्मूलन और डायन प्रथा जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। बच्चों को शिशु प्रोजेक्ट तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
टीम ने बच्चों और ग्रामीणों को किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में निःशुल्क कानूनी सहायता एवं परामर्श प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान नालसा हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 100/112, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी बताया गया।
विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम के बाद डालसा की टीम ने हलूदवनी गांव में भी अभियान चलाकर ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी।



