Campus Boom.
जमशेदपुर। साहित्य केवल कहानियां सुनाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के सवालों से रूबरू होने का रास्ता भी है। छाप पुस्तक महोत्सव 3.0 के दूसरे दिन साहित्य, स्त्री के संघर्ष, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और इतिहास जैसे विषयों पर हुए संवादों में इसकी झलक देखने को मिली। साहित्य कला फाउंडेशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय महोत्सव का शनिवार को समापन हुआ।
कथाकार कविता से सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज की बातचीत में उनकी पुस्तक ‘वो रेन लिली खिलने के दिन थे’ के संदर्भ में स्त्री के जीवन और संघर्ष पर चर्चा हुई। कविता ने सवाल उठाया कि एक स्त्री कई बार पूरी नींद क्यों नहीं सो पाती। उन्होंने अपने लेखन पर रेणु और उनके उपन्यास ‘परती परिकथा’ के प्रभाव का भी उल्लेख किया।
उपन्यासकार विनीता अस्थाना से विनीता परमार के संवाद में स्त्री की स्वतंत्रता और स्वच्छंदता के बीच अंतर को लेकर चर्चा हुई। बातचीत में सामाजिक मान्यताओं और महिलाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़े सवाल सामने आए।
वहीं, उपन्यासकार सत्य व्यास ने अपनी पुस्तक ‘1931’ के संदर्भ में ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर लेखन की चुनौतियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि उस दौर की राजनीतिक परिस्थितियों के बीच प्रेम कहानी को गढ़ने के लिए गहन शोध करना पड़ा।
महोत्सव में हिंदी के साथ बांग्ला, उर्दू और अंग्रेजी साहित्य को भी स्थान मिला। बांग्ला कवि सुबोध सरकार की पुस्तक ‘बेलूर थेके बासनापुर’ की कविताओं पर बेबी शॉ ने चर्चा की। उर्दू उपन्यासकार खालिद जावेद से अख्तर आजाद की बातचीत में उपन्यास ‘नेमतखाना’ के कथ्य और उसकी विशिष्टता पर विमर्श हुआ।
चाईबासा निवासी लेखक पंकज दुबे ने अपनी अंग्रेजी पुस्तक ‘स्टोरी ऑफ लव : वन स्ट्रिंग अटैच्ड’ के जरिए लेखन की प्रेरणा और चाईबासा से लंदन तक के सफर के अनुभव साझा किए। करीम सिटी कॉलेज के मास कम्युनिकेशन विभाग की अध्यक्ष डॉ. नेहा तिवारी ने उनसे संवाद किया।
कार्यक्रम में उपन्यासकार युगल जोशी की पुस्तक ‘कहो कालिदास’ पर नवीन चौधरी ने बातचीत की। इसी दौरान नवीन चौधरी की वेबसाइट ‘रेडियो वाइब’ का शुभारंभ भी हुआ। महोत्सव की स्मारिका ‘अक्षर’ का लोकार्पण भी किया गया।
विभिन्न भाषाओं और विषयों के लेखकों को एक मंच पर लाने वाले इस आयोजन ने साहित्यप्रेमियों को किताबों के माध्यम से समाज, इतिहास और मानवीय अनुभवों को समझने का अवसर दिया।



